(अदिति खन्ना)
लंदन, सात नवंबर (भाषा) ब्रिटेन की संस्कृति, मीडिया और खेल मामलों की मंत्री लिसा नंदी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर से माफी मांगी। उन्होंने यह माफी तब मांगी है जब यह पाया गया कि इंग्लैंड के नए फुटबॉल निगरानीकर्ता की नियुक्ति करते समय उन्होंने ‘‘अनजाने’’ में देश के सार्वजनिक नियुक्ति नियमों का उल्लंघन किया था।
सार्वजनिक नियुक्तियों के स्वतंत्र आयुक्त सर विलियम शॉक्रॉस ने अपनी रिपोर्ट में निष्कर्ष निकाला कि पिछले महीने डेविड कोगन की नियुक्ति शासन संहिता का उल्लंघन है, क्योंकि उन्होंने पांच साल पहले भारतीय मूल की ब्रिटेन की मंत्री के लेबर पार्टी के नेतृत्व अभियान के लिए कुल 2,900 पाउंड के दो दान दिए थे।
शॉक्रॉस ने अपनी जांच में लिखा, ‘‘आयुक्त ने पाया है कि नंदी ने अनजाने में संहिता का उल्लंघन किया है। उन्हें यह जांच करनी चाहिए थी और कोगन को चुनने से पहले आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए थी।’
स्टार्मर को लिखे पत्र में नंदी ने कहा कि उन्होंने कोगन द्वारा उनके प्रचार अभियान को दिए गए दान की घोषणा ‘‘तब कर दी थी जब मुझे पता चला कि ये दान मौजूद हैं।’’
नंदी ने कहा, ‘‘मुझे इस गलती पर गहरा अफसोस है। मैं समझ सकती हूं कि इससे क्या धारणा बन सकती है, लेकिन यह जानबूझकर नहीं किया गया था और मैं इसके लिए माफी मांगती हूं।’’
स्टार्मर ने नंदी की माफी स्वीकार की और निष्कर्ष निकाला कि उन्होंने ‘‘नेकनीयत’’ से काम किया था।
स्टार्मर के जवाब में लिखा है, ‘‘मैं जानता हूं कि आप ईमानदार हैं और आपके पत्र के आधार पर यह स्पष्ट है कि आपने नेकनीयत से कार्य किया है। आयुक्त स्वीकार करते हैं कि जब आपको हितों के टकराव की आशंका का पता चला तो आपने तुरंत नियुक्ति से पीछे हटने का निर्णय लिया।’’
भाषा शुभम शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
