scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमविदेशब्रिटेन ने रूस के अहम उद्योगों को लक्षित कर नए प्रतिबंध लगाए

ब्रिटेन ने रूस के अहम उद्योगों को लक्षित कर नए प्रतिबंध लगाए

Text Size:

(अदिति खन्ना)

लंदन, 24 मार्च (भाषा) ब्रिटिश सरकार ने बृहस्पतिवार को रूस के अहम उद्योगों और व्यक्तियों को लक्षित कर 65 नए प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। ब्रिटेन के मुताबिक इसका लक्ष्य राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की यूक्रेन में ‘ युद्ध मशीन’ को कुंद करना है।

विदेश, राष्ट्रमंडल विकास कार्यालय (एफसीडीओ) ने कहा कि नए प्रतिबंध ब्रिटेन द्वारा पहले ही लगाए गए करीब एक हजार प्रतिबंधों के अलावा हैं जो यूक्रेन में रूस के अवैध आक्रमण का समर्थन करने वाले अहम उद्योगों को निशाना बनाते हैं। इनमें रूसी रेलवे, रूसी ड्रोन के प्रमुख निर्माता एवं रक्षा कंपनी क्रोनस्टाट शामिल है।

ब्रिटेन के मुताबिक रूसी किराए के सैनिकों के संगठन वागनर समूह जिसे खबरों के मुताबिक यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की हत्या करने की जिम्मेदारी दी गई है, को भी प्रतिबंधित किया गया है।

ब्रसेल्स में नाटो की होने वाली आपात बैठक से पहले ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जानसन ने कहा, ‘‘हमने पुतिन के चारों ओर आर्थिक घेरा कड़ा किया है, आज और लोगों का प्रतिबंधित कर रहे हैं, हम वागनर समूह को प्रतिबंधित कर रहे हैं और देख रहे हैं कि पुतिन को उनका आरक्षित सोना इस्तेमाल करने से कैसे रोक सकते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमे कदम बढ़ाना होगा। हमे समर्थन करना होगा।’’

उत्तर अटलांटिक संगठन संधि (नाटो) की बैठक में वह यूक्रेन को बड़ा सैन्य पैकेज देने की घोषणा करने वाले हैं जिनमें 6,000 मिसाइलें, टैंक रोधी और उच्च विस्फोटक हथियार और यूक्रेन सेना को 2.5 करोड़ पाउंड की आर्थिक मदद शामिल है।

रूस और यूक्रेन में दुष्प्रचार का मुकाबला करने के लिए ब्रिटिश सरकार बीबीसी विश्व सेवा को 41 लाख पाउंड की अंतर सरकार पहल के तहत राशि देगी। अंतरराष्ट्रीय अपराध अदालत को युद्ध अपराध की जांच के लिए नयी वित्तीय और पुलिस मदद भी ब्रिटेन द्वारा दी जाएगी।

जॉनसन ने जी-स समूह के देशों और साझेदारों से भी क्रेमलिन (रूसी सरकार का मुख्यालय) के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंध दोगुना करने की अपील की है।

ब्रिटेन की विदेशमंत्री लीज ट्रस ने कहा, ‘‘ये कुलीन, कारोबारी और किराए के ठग निर्दोष नागरिकों की हत्या में शमिल हैं और यह सही है कि वे इसकी कीमत चुकाएं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पुतिन को भ्रम में नहीं रहना चाहिए। हम अपने साझेदारों के साथ एकजुट हैं और रूसी अर्थव्यवस्था पर नकेल कसना जारी रखेंगे ताकि सुनिश्चित कर सकें कि वह यूक्रेन में असफल हो। हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।’’

ब्रिटेन द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों में छह और बैंकों को निशाना बनाया गया है जिनमें अल्फा बैंक शामिल है जिसके सह संस्थापक मिखाइल फ्रीडमैन, पेत्रे एवेन और जर्मन खान पर पहले ही प्रतिबंध लगाया गया था। विश्व के सबसे बड़े हीरा उत्पादक अल्रोसा को भी प्रतिबंधित किया गया है।

भाषा धीरज उमा

उमा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments