scorecardresearch
Monday, 23 November, 2026
होमविदेशआईसीजे के फैसले के बाद रोहिंग्या प्रत्यावर्तन के लिए बांग्लादेश ने थाईलैंड से समर्थन मांगा

आईसीजे के फैसले के बाद रोहिंग्या प्रत्यावर्तन के लिए बांग्लादेश ने थाईलैंड से समर्थन मांगा

Text Size:

ढाका, 23 नवंबर (भाषा) बांग्लादेश ने जबरन विस्थापित रोहिंग्या मुसलमानों की सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से म्यांमा वापसी के लिए थाईलैंड से लगातार समर्थन देने का अनुरोध किया है। यह अनुरोध लंबे समय से चले आ रहे शरणार्थी संकट को हल करने के लिए नए सिरे से किए जा रहे कूटनीतिक प्रयासों का हिस्सा है। इस संकट का क्षेत्रीय स्थिरता पर भी महत्वपूर्ण असर पड़ रहा है, जिसमें भारत भी शामिल है।

सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस ने विदेश मंत्रालय की एक प्रेस विज्ञप्ति के हवाले से बताया कि विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने रविवार को यह अनुरोध किया। उस दिन थाईलैंड की राजदूत थितिपोर्न चिरासावादी ने उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की थी।

यह कदम पिछले सप्ताह हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) के एक ऐतिहासिक फैसले के बाद उठाया गया। न्यायालय ने अपने फैसले में कहा था कि म्यांमा ने 2017 में सैन्य अभियान के दौरान रोहिंग्या अल्पसंख्यकों के खिलाफ नरसंहार किया था। उसने म्यांमा के सैन्य शासन को हिंसा के कारण देश छोड़कर भागे लोगों को वापस लौटने की अनुमति देने का भी आदेश दिया था। यह फैसला अंतिम और बाध्यकारी है। लगभग 12 लाख रोहिंग्या वर्तमान में बांग्लादेश के शरणार्थी शिविरों में रह रहे हैं, मुख्यतः कॉक्स बाजार में, जिससे यह दुनिया के सबसे बड़े दीर्घकालिक शरणार्थी संकटों में से एक बन गया है।

उनकी स्वदेश वापसी के प्रयास सुरक्षा, नागरिकता अधिकारों और म्यांमा में जारी संघर्ष को लेकर चिंताओं के बीच बार-बार बाधित हुए हैं।

बीएसएस की खबर में कहा गया कि 19 नवंबर को दिए गए आईसीजे के फैसले का संदर्भ देते हुए, कबीर ने रोहिंग्याओं की उनकी मातृभूमि में वापसी को सुगम बनाने में थाईलैंड के निरंतर सहयोग के महत्व पर जोर दिया।

भाषा

प्रशांत माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments