scorecardresearch
Thursday, 26 February, 2026
होमविदेशबांग्लादेश : ढाका सचिवालय में अधिकारियों, कर्मचारियों में भय और अनिश्चितता का माहौल

बांग्लादेश : ढाका सचिवालय में अधिकारियों, कर्मचारियों में भय और अनिश्चितता का माहौल

Text Size:

ढाका, छह अगस्त (भाषा) बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार के सत्ता से हटने के बाद भय एवं चिंता के बीच ढाका में विभिन्न सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों की मंगलवार को उपस्थिति बेहद कम रही। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी।

शेख हसीना के बांग्लादेश के प्रधानमंत्री पद से सोमवार को इस्तीफा देने और देश छोड़कर चले जाने के बाद वहां पैदा हुई अराजकता के बीच सेना देश की बागडोर संभालने के लिए आगे आई है।

समाचारपत्र ‘ढाका ट्रिब्यून’ की खबर के मुताबिक हसीना सरकार गिरने के बाद पहले दिन मंगलवार को सचिवालय में माहौल तनावपूर्ण रहा।

समाचारपत्र के मुताबिक देश के विभिन्न मंत्रालयों के कार्यालयों में उपस्थिति काफी कम थी तथा मंत्री एवं संसद सदस्य भी अनुपस्थित थे। जो लोग काम पर आये थे, वे भय और चिंता में थे।

ऐसा बताया गया कि पिछली रात बंगबंधु एवेन्यू स्थित आवामी लीग के केंद्रीय कार्यालय में आग लगा दी गई, तथा लूटपाट और तोड़फोड़ की गई। सुबह-सुबह पार्टी कार्यालय से आग की गंध सचिवालय तक पहुंची, जिससे अधिकारियों व कर्मचारियों में भय बढ़ गया।

कर्मचारियों के बीच यह भी अफवाह थी कि कार्यालय बंद कर दिया गया है। हसीना के इस्तीफे के बाद, अंतर-सेवा जनसंपर्क निदेशालय (आईएसपीआर) ने घोषणा की कि सोमवार आधी रात से मंगलवार सुबह छह बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा।

इसके बाद मंगलवार सुबह सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी, स्वायत्त, अर्ध-स्वायत्त, निजी संस्थान, कारखाने, स्कूल, कॉलेज, मदरसे और विश्वविद्यालय फिर से खुले।

इससे पहले लोक प्रशासन मंत्रालय ने सोमवार से तीन दिन की आम छुट्टी घोषित की थी। सचिवालय में प्रवेश के लिए मंगलवार को पास रद्द कर दिए गए। मुख्य द्वार पर केवल कुछ पुलिस अधिकारी ही ड्यूटी पर दिखे, उनके साथ सैन्यकर्मी भी मौजूद थे।

गृह मंत्रालय कार्यालय में पुलिस अधिकारियों के साथ सैन्यकर्मी भी ड्यूटी पर देखे गए।

भाषा रवि कांत रवि कांत अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments