scorecardresearch
Sunday, 1 February, 2026
होमविदेशबालानंद शर्मा नेपाल के नए विदेश मंत्री नियुक्त

बालानंद शर्मा नेपाल के नए विदेश मंत्री नियुक्त

Text Size:

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, 26 दिसंबर (भाषा) लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) बालानंद शर्मा को शुक्रवार को नेपाल का विदेश मंत्री नियुक्त किया गया। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने राष्ट्रपति भवन (शीतल निवास) में आयोजित कार्यक्रम में शर्मा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।

प्रधानमंत्री सुशीला कार्की द्वारा किया गया यह पांचवां मंत्रिमंडल विस्तार है। अंतरिम सरकार का नेतृत्व कर रही कार्की के पास पांच मार्च को आम चुनाव करवाने की जिम्मेदारी है। शर्मा के मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद, कार्की की मंत्री परिषद में सदस्यों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री कार्की, मुख्य न्यायाधीश प्रकाश मान सिंह राउत, उपराष्ट्रपति रामसहाय प्रसाद यादव और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।

‘द काठमांडू पोस्ट’ अखबार की खबर के अनुसार, शर्मा ने माओवादी लड़ाकों को नेपाल सेना में शामिल कराने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

वर्ष 2006 में जब तत्कालीन सीपीएन (माओवादी) शांति प्रक्रिया में शामिल हुई, तब शर्मा ने सैन्य एकीकरण के लिए गठित तकनीकी समिति के समन्वयक के रूप में कार्य किया।

खबर के अनुसार, शर्मा ने लगभग 39 वर्ष नेपाल सेना में सेवा की और इस दौरान विभिन्न नेतृत्वकारी पदों पर काम किया।

इसके अलावा वे लगभग चार वर्षों तक अंतरराष्ट्रीय शांति-स्थापना मिशन के तहत तैनात रहे। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान कोविड-19 संकट प्रबंधन समिति के प्रमुख के रूप में भी कार्य किया।

भाषा संतोष पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments