scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमविदेशब्राजील के बेलेम में संयुक्त राष्ट्र सीओपी30 जलवायु सम्मेलन के मुख्य आयोजन स्थल पर आग लगी

ब्राजील के बेलेम में संयुक्त राष्ट्र सीओपी30 जलवायु सम्मेलन के मुख्य आयोजन स्थल पर आग लगी

Text Size:

(त्रिदीप लहकर)

बेलेम (ब्राजील), 20 नवंबर (भाषा) ब्राजील के बेलेम में जारी संयुक्त राष्ट्र सीओपी30 जलवायु सम्मेलन के मुख्य आयोजन स्थल पर बृहस्पतिवार को आग लग गई, जिसके बाद हजारों लोगों को वहां से भागना पड़ा।

घटना में किसी के हताहत होने की तत्काल कोई जानकारी नहीं है। दर्जनों एंबुलेंस घटनास्थल पर हैं वहीं दमकल गाड़ियां भी लगातार पहुंच रही हैं।

आग दोपहर करीब दो बजे (स्थानीय समयानुसार) ‘ब्लू जोन’ में लगी, जहां सभी बैठकें, वार्ताएं होती हैं और देश-वार पवेलियन, मीडिया सेंटर व सभी उच्च-स्तरीय प्रतिनिधियों के कार्यालय हैं।

आग लगने की खबर फैलते ही लोग निकास द्वारों से बाहर की ओर भागने लगे।

जलवायु परिवर्तन संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क कन्वेंशन (यूएनएफसीसीसी) सचिवालय ने एक तत्काल परामर्श जारी किया और सभी लोगों से कार्यक्रम स्थल खाली करने की अपील की।

परामर्श में कहा गया है, ‘ध्यान दें: जोन बी में आग लगने की घटना हुई है। कृपया कार्यक्रम स्थल को तुरंत खाली कर दें। सचिवालय की ओर से विस्तृत जानकारी बाद में दी जाएगी।’

संयुक्त राष्ट्र के एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि आग बुझा दी गई है, लेकिन पूरे इलाके में जांच जारी है, इसलिए किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई है।

उन्होंने कहा कि किसी के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है और फिलहाल स्थिति का आकलन किया जा रहा है।

यूएनएफसीसीसी के वार्षिक सम्मेलन (सीओपी) के लिए 190 से अधिक देशों के प्रतिनिधि यहां एकत्रित हुए हैं।

सीओपी30 शिखर सम्मेलन 10 से 21 नवंबर तक ब्राजीलियाई शहर बेलेम में हो रहा है।

भाषा जोहेब अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments