scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमविदेशयमन तट पर जलते एलपीजी टैंक से 23 भारतीय नागरिकों को बचाया गया

यमन तट पर जलते एलपीजी टैंक से 23 भारतीय नागरिकों को बचाया गया

Text Size:

जिबूती सिटी, 20 अक्टूबर (भाषा) पोत एमवी फाल्कन पर सवार चालक दल के 23 भारतीय सदस्यों को बचा लिया गया है और उन्हें सुरक्षित रूप से जिबूती तटरक्षक बल को सौंप दिया गया है। एमवी फाल्कन में विस्फोट के बाद आग लग गई थी और वह बहकर यमन तट के पास चला गया था।

कैमरून के झंडे वाला यह एमवी फाल्कन जहाज यमन के एडन बंदरगाह से दक्षिण-पूर्व दिशा में जिबूती की ओर जा रहा था। शनिवार को जहाज पर हुए विस्फोट के बाद इसमें आग लग गई थी। यह जहाज तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) लेकर जा रहा था।

जहाज के कप्तान की ओर से आपातकालीन मदद के अनुरोध के बाद ‘यूएनएवीएफओआर अस्पाइड्स’ ने तुरंत खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया।

अस्पाइड्स द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, ‘‘एमवी मेडा ने एमवी फाल्कन के 24 चालक दल के सदस्यों (एक यूक्रेनी और 23 भारतीय) को सफलतापूर्वक बचा लिया।’’

बचाए गए नाविकों को जिबूती बंदरगाह पर लाया गया, जहां उन्हें जिबूती तटरक्षक बल को सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया।

बहरहाल, चालक दल के कुल 26 सदस्यीय दल में से दो सदस्य अब भी लापता बताए गए हैं।

भाषा गोला प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments