scorecardresearch
Tuesday, 24 March, 2026
होमविदेशअक्टूबर में पाकिस्तान के पंजाब से 22,000 अफगान नागरिकों को निर्वासित किया गया

अक्टूबर में पाकिस्तान के पंजाब से 22,000 अफगान नागरिकों को निर्वासित किया गया

Text Size:

(एम जुल्करनैन)

लाहौर, 21 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने अंतिम अफगान शरणार्थी शिविर को बंद कर दिया तथा प्रांत में अवैध रूप से रह रहे करीब 22,000 अफगान नागरिकों को इस महीने निर्वासित किया। पंजाब पुलिस के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अवैध रूप से रह रहे विदेशी (अफगान) नागरिकों को पंजाब से उनके देश भेजने के अभियान का तीसरा चरण शुरू हो गया है।

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘सरकार ने प्रांत में बिना कानूनी दर्जे के रह रहे लगभग 22,000 अफगान नागरिकों को इस महीने निर्वासित किया है।’’

प्रवक्ता ने बताया कि निर्वासित लोगों में 6,000 लोगों के पास निवास प्रमाण पत्र थे, 11,000 के पास अफगान नागरिक कार्ड थे और 5,041 लोग पंजाब में अवैध रूप से रहते पाए गए। वर्तमान में लगभग 423 लोगों को निर्धारित हिरासत केंद्रों पर रखा गया है।

उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार ने पिछले महीने लाहौर से 325 किलोमीटर दूर मियांवाली के कोट चांदना में स्थित आखिरी अफगाान शरणार्थी शिविर को गैर-अधिसूचित कर दिया था।

हालांकि, खैबर पख्तूनख्वा में चार और बलूचिस्तान में 10 ऐसे शिविर अब भी संचालित हैं।

उन्होंने कहा कि तीसरे चरण की शुरुआत से पहले पंजाब सरकार ने पाकिस्तान की अवैध विदेशी प्रत्यावर्तन योजना (आईएफआरपी) के तहत अप्रैल से सितंबर तक लगभग 43,000 अफगान नागरिकों को वापस भेजा था।

उन्होंने कहा कि सभी अवैध निवासियों को पूरी तरह से बाहर निकालने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

भाषा

सिम्मी माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments