वाशिंगटन, 19 अप्रैल (भाषा) अमेरिका की भारतवंशी पूर्व नौसैन्य अधिकारी शांति सेठी को उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का कार्यकारी सचिव और रक्षा सलाहकार नियुक्त किया गया है।
‘पोलिटिको’ ने उपराष्ट्रपति के वरिष्ठ सलाहकार हेरबेई ज़िस्केंडी के हवाले से खबर दी है कि सेठी को हाल में हैरिस के कार्यालय में नियुक्त किया गया है। वह एक प्रमुख अमेरिकी नौसेना लड़ाकू पोत की पहली भारतीय-अमेरिकी कमांडर रह चुकी हैं।
उनके लिंक्डेन प्रोफाइल के मुताबिक, सेठी का काम उपराष्ट्रपति के कार्यालय में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार प्रलेखन का समन्वय करना है।
सेठी ने दिसंबर 2010 से मई 2012 तक गाइडेड-मिसाइल विध्वंसक यूएसएस डीकैचर की कमान संभाली। वह भारत की यात्रा करने वाले अमेरिकी नौसैनिक पोत की पहली महिला कमांडर भी थीं।
सेठी के पिता एक प्रवासी थे जो 1960 के शुरू में भारत से अमेरिका आए थे।
हैरिस अमेरिका में उपराष्ट्रपति निर्वाचित होने वाली पहली भारतीय मूल की शख्सियत हैं।
भाषा
नोमान नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.