नयी दिल्ली, 12 नवंबर (भाषा) तीन बार की स्वर्ण पदक विजेता जर्लिन जयरातचागन 15 नवंबर से तोक्यो में शुरू हो रहे बधिर ओलंपिक में भारत की ध्वजवाहक होंगी।
भारत बधिर ओलंपिक में रिकॉर्ड 111 सदस्यीय दल भेज रहा है।
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेल सचिव हरि रंजन राव ने दल को बुधवार को विदाई दी। भारतीयों का पहला जत्था बृहस्पतिवार को तोक्यो के लिए रवाना होगा।
खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भारतीय दल को दिए संदेश में कहा, ‘‘विशेष खिलाड़ियों के लिए वैश्विक टूर्नामेंट में भारत की तेजी से होती प्रगति गर्व की बात है। खेलों के माध्यम से समावेशिता को बढ़ावा देने के हमारे प्रयास के तहत हमें बधिर ओलंपिक में अब तक का सबसे बड़ा भारतीय दल भेजकर बेहद खुशी हो रही है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘हर साल हमारे पदकों की संख्या बढ़ रही है और मुझे पूरा यकीन है कि हम ब्राजील से भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। ’’
भारत 11 खेलों में भाग लेगा जिसमें एथलेटिक्स, बैडमिंटन, गोल्फ, जूडो, कराटे, निशानेबाजी, तैराकी, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, कुश्ती और टेनिस शामिल हैं।
बधिर ओलंपिक का आयोजन अंतरराष्ट्रीय बधिर खेल समिति (आईसीएसडी) द्वारा किया जाता है। बधिर ओलंपिक अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के तत्वाधान में आयोजित किए जाते हैं।
जर्लिन ने कहा, ‘‘ध्वजवाहक चुना जाना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है और भावुकता भरा क्षण है। यह मेरे तीसरे बधिर ओलंपिक हैं लेकिन पहली बार मैं अपने देश का ध्वज लेकर नेतृत्व करूंगी। यह वाकई खास अहसास है। ’’
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.