मुंबई, आठ फरवरी (भाषा) भारतीय उप कप्तान अक्षर पटेल ने कहा कि टीम अमेरिका के खिलाफ टी20 विश्व कप के पहले मैच में पिच की प्रकृति से हैरान थी क्योंकि आमतौर पर वानखेड़े स्टेडियम में काफी रन बनते हैं।
मुश्किल पिच पर बल्लेबाजी क्रम के ध्वस्त होने के बावजूद अक्षर ने कहा कि टीम प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाने को लेकर आश्वस्त थी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 77 रन तक छह विकेट गंवा दिए थे लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव की 49 गेंद में 84 रन की नाबाद पारी से मेजबान टीम नौ विकेट पर 161 रन बनाने में सफल रही।
भारत ने अमेरिका को आठ विकेट पर 132 रन पर रोककर 29 रन से जीत दर्ज की।
मैच के बाद अक्षर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘योजना मैच की स्थिति के अनुसार बनाई जाती है। आम तौर पर मुंबई में विकेट सपाट होता है और हमें यह तय करने में लगभग तीन ओवर लगे कि अच्छा स्कोर क्या होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ड्रेसिंग रूम में हमें पता था कि अगर एक भी बल्लेबाज चल गया तो हम 140-150 रन के आसपास पहुंच जाएंगे। विकेट भी (अलग तरह से) व्यवहार कर रहा था।’’
इस स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर ने कहा, ‘‘हम हैरान थे क्योंकि हमें लगा था कि यह एक सपाट विकेट है जो आम तौर पर मुंबई में होता है।’’
अक्षर ने कहा कि ड्रेसिंग रूम में थोड़ा दबाव महसूस हुआ क्योंकि बल्लेबाजी क्रम ढह गया और वह भी टी20 विश्व कप के पहले मैच में।
उन्होंने कहा, ‘‘बेशक आप इसे (दबाव को) महसूस करते हैं। क्रिकेट ऐसा ही है (लेकिन फिर) यह अच्छा है कि यह पहले मैच में हुआ।’’
अक्ष्ज्ञर ने कहा, ‘‘विकेट की प्रकृति को समझना महत्वपूर्ण है और जिस तरह का क्रिकेट हम खेल रहे हैं, हम शॉट को ठीक से नहीं खेल पाए। अगर ऐसा दोबारा होता है तो हमारे पास इसे 160-170 रन तक ले जाने का अनुभव होगा।’’
भाषा सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
