मीरपुर, 22 जुलाई (भाषा) कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ भारतीय उप कप्तान स्मृति मंधाना ने शनिवार को यहां तीसरे महिला वनडे में बांग्लादेशी अंपायर मोहम्मद कामरूज्जमान और तनवीर अहमद की अंपायरिंग की आलोचना की।
दोनों टीमों ने 225 रन का समान स्कोर बनाया जिससे मुकाबला टाई रहा और श्रृंखला 1-1 से बराबर रही।
जब मंधाना से अंपायरिंग के संबंध में सवाल पूछा गया तो उन्होंने जवाब दिया, ‘‘आपको क्या लगता है? ’’
उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी मैच में कभी कभार होता है कि आप इस तरह ..(की अंपायरिंग) से खुश नहीं होते विशेषकर तब जब इस बार श्रृंखला में डीआरएस भी नहीं है। ’’
मंधाना ने कहा, ‘‘हमें बेहतर अंपायरिंग के स्तर की उम्मीद थी। कुछ फैसलों में बेहतर अंपायरिंग का स्तर चाहिए था क्योंकि कुछ फैसलों में यह साफ दिख रहा था। ‘‘
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे भरोसा है कि आईसीसी, बांग्लादेश बोर्ड और भारतीय बोर्ड निश्चित रूप से इस पर चर्चा करेगा, और शायद फिर तटस्थ अंपायरिंग प्रणाली आ जाये ताकि हम फिर इस तरह की चर्चा नहीं करें। और शायद हम क्रिकेट और संबंधित सवालों पर ध्यान लगा सकें। ’’
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
