scorecardresearch
Monday, 13 April, 2026
होमखेलवाडा प्रमुख दिल्ली में, एनडीटीएल में नाडा अधिकारियों से मुलाकात की

वाडा प्रमुख दिल्ली में, एनडीटीएल में नाडा अधिकारियों से मुलाकात की

Text Size:

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) के अध्यक्ष विटोल्ड बांका दिल्ली के अपने अहम दौरे पर सोमवार को राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (एनएडीए) के शीर्ष अधिकारियों के साथ मिले, जिसमें भारत में ‘खेल की अखंडता’ की रक्षा के लिए ‘अत्यावश्यक और गंभीर’ चर्चा हुई।

बांका बृहस्पतिवार को दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जिसमें वे भारत में डोपिंग के खराब आंकड़ों पर बात करेंगे।

उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘मैंने आज दिल्ली में राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी और राष्ट्रीय डोप परीक्षण प्रयोगशाला का दौरा किया। इस दौरान डोपिंग रोधी प्रणालियों को निर्णायक रूप से मजबूत करने, लगातार चुनौतियों का सामना करने और भारत में खेल की अखंडता की विश्वसनीय सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर गंभीर चर्चा हुई।’’

पिछले साल जारी वाडा के 10 साल के वैश्विक अध्ययन में डोपिंग उल्लंघन के मामले में भारत दूसरा सबसे खराब प्रदर्शन करने वाला देश बना था। इस रिपोर्ट में रूस पहले स्थान पर रहा, उसके बाद भारत और चीन का स्थान रहा।

वाडा की उस रिपोर्ट के मुताबिक, ‘‘नाबालिगों के खिलाफ सबसे अधिक सकारात्मक परीक्षण रिपोर्ट वाले देश (घटते क्रम में) रूस, भारत और चीन थे। सबसे अधिक प्रतिबंधित नाबालिगों वाले देश भी रूस, भारत और चीन थे।’’

इसके बाद, लगातार तीसरे वर्ष डोपिंग उल्लंघनों की सबसे अधिक संख्या वाली सूची में भी भारत शीर्ष पर रहा।

भारत में डोपिंग पॉजिटिविटी दर 3.6 प्रतिशत रही, जिसमें 260 प्रतिकूल विश्लेषणात्मक निष्कर्ष (एएएफ) शामिल हैं, जो सभी प्रमुख देशों में सबसे अधिक है।

इस सूची में शामिल प्रमुख भारतीय एथलीटों में महिलाओं की 100 मीटर राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक दुती चंद शामिल हैं, जो दिसंबर 2022 से चार साल का निलंबन झेल रही हैं। मध्य दूरी के धावक परवेज खान, जिनका छह साल का निलंबन जुलाई 2030 तक चलेगा, और तमिलनाडु की फर्राटा धाविका शेखर धनलक्ष्मी, जिन्हें 2025 में आठ साल के लिए निलंबित किया गया था, भी इसमें शामिल हैं।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments