नयी दिल्ली, पांच अप्रैल (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन मौजूदा आईपीएल सत्र में तुषार देशपांडे के प्रदर्शन से प्रभावित हैं और उनका कहना है कि गुजरात टाइटन्स के खिलाफ आखिरी ओवर में राजस्थान रॉयल्स के इस तेज गेंदबाज का धैर्यपूर्ण प्रदर्शन राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का ध्यान खींचेगा।
देशपांडे ने आईपीएल 2026 में जोरदार शुरुआत की है। शनिवार को अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ आखिरी ओवर में 10 रन बचाकर उन्होंने रॉयल्स को जीत दिलाई।
देशपांडे ने आखिरी ओवर में राशिद खान को कैसे छकाया इस पर स्टेन ने प्रसारणकर्ता ‘स्टार स्पोर्ट्स’ को कहा, ‘‘तुषार देशपांडे का आखिरी ओवर बहुत बढ़िया था। उन्होंने दबाव में एकदम सही यॉर्कर डालीं, राशिद खान जैसे खिलाड़ी को बाउंड्री लगाने का मौका नहीं दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘एक गेंदबाज के लिए इतने अधिक दबाव वाली स्थिति में शांत रहना बहुत मुश्किल होता है क्योंकि आपके दिमाग में बहुत सी बातें चलती रहती हैं। लेकिन यह पक्का करना कि बिना दबाव महसूस किए योजना को सही तरीके से लागू किया जाए यह बहुत कम दिखने वाला हुनर है।’’
स्टेन ने कहा, ‘‘तुषार ने चार परफेक्ट यॉर्कर डालीं। फिर उन्होंने अपनी लाइन बदली और लेंथ गेंद डाली और ऐसा करके उन्होंने राशिद खान को बड़ा शॉट मारने के लिए उकसाया और वह बाउंड्री पर कैच दे बैठे।’’
इस पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा, ‘‘तुषार देशपांडे ने निडर गेंदबाजी की और यह प्रदर्शन सुनिश्चित करेगा कि भारतीय चयनकर्ता इस आईपीएल सत्र में उनसे नजरें नहीं हटाएंगे।’’
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
