scorecardresearch
Friday, 3 April, 2026
होमखेलइस प्रदर्शन से आत्मविश्वास बढ़ा, फिटनेस पर मेहनत रंग लाई: रेड्डी

इस प्रदर्शन से आत्मविश्वास बढ़ा, फिटनेस पर मेहनत रंग लाई: रेड्डी

Text Size:

कोलकात, दो अप्रैल (भाषा) कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले हरफनमौला नीतिश कुमार रेड्डी ने बृहस्पतिवार को यहां कहा कि उन्हें अपनी फिटनेस के लिए की गई मेहनत का फायदा मिल रहा है और इस तरह के प्रदर्शन से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा।

रेड्डी ने बल्ले से 39 रन का योगदान देने के बाद दो विकेट भी चटकाए, जिससे उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

सनराइजर्स ने आठ विकेट पर 226 रन बनाने के बाद केकेआर को 161 रन पर आउट कर दिया।

रेड्डी ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में प्रसारकों से कहा, ‘‘मैं लंबे समय से ऐसे मैच जिताऊ प्रदर्शन का इंतजार कर रहा था और सही समय पर इसका आना बेहद खास अहसास है।’’

उन्होंने कहा कि गेंदबाजी में भी सुधार से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है।

रेड्डी ने कहा, ‘‘मैं सकारात्मक रहने की कोशिश कर रहा हूं। पिछले सत्र में मेरे दिमाग में काफी नकारात्मक विचार थे और मैं गेंदबाजी भी नहीं कर पाया। मैंने अपनी गेंदबाजी पर कड़ी मेहनत की और अब उसका फायदा मिल रहा है। इससे खुशी मिलती है और मैं अब काफी संतुष्ट हूं। ट्रेनर्स और फिजियो का धन्यवाद, अब मेरा शरीर पूरी तरह फिट है।’’

नियमित कप्तान पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में टीम की अगुवाई कर रहे इशान किशन ने टीम प्रयास की सराहना की।

बल्ले से नौ गेंदों पर 14 रन का योगदान देने वाले इशान ने कहा, ‘‘मैं अपने खेलने के तरीके से खुश नहीं हूं, लेकिन टीम की प्रतिबद्धता से बेहद खुश हूं। सभी खिलाड़ियों ने वही ऊर्जा दिखाई, जिसकी मैंने उनसे उम्मीद की थी। मुश्किल पिच होने के बावजूद हेड और अभिषेक ने शानदार बल्लेबाजी की। पावरप्ले ने मैच को हमारे लिए आसान बना दिया, क्योंकि हर बल्लेबाज को समय मिला।”

उन्होंने युवा वामहस्त स्पिनर हर्ष दुबे और शिवांग कुमार की तारीफ की, जिन्होंने दूसरे ओवर में ही खतरनाक फिन ऐलन को चलता किया।

किशन ने कहा, ‘‘यह टीम प्रयास था। हम जानते हैं कि फिन खतरनाक हैं, लेकिन हर्ष ने शानदार गेंद डाली और हमें वह विकेट मिला। हर्ष दुबे घरेलू क्रिकेट में अच्छा कर रहे हैं और दबाव में शांत रहते हैं। शिवांग कुमार के बारे में भी कहना चाहूंगा, छोटा मैदान होने के बावजूद उन्होंने मेहनत का फल पाया।”

केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा कि लक्ष्य का पीछा करते समय बड़ी साझेदारियों की कमी टीम पर भारी पड़ी।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें कुछ बड़ी साझेदारियों की जरूरत थी। जो बल्लेबाज क्रीज पर समय बिता चुके थे, उन्हें अंत तक खेलना चाहिए था। गेंदबाजी में हमने अच्छी वापसी की, लेकिन बल्लेबाजी में लक्ष्य का पीछा करते हुए वह साझेदारी नहीं मिल पाई।”

भाषा आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments