scorecardresearch
Wednesday, 18 March, 2026
होमखेलदक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का कोई असर नहीं पड़ेगा: ग्लेन फिलिप्स

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का कोई असर नहीं पड़ेगा: ग्लेन फिलिप्स

Text Size:

चेन्नई, 16 फरवरी (भाषा) न्यूजीलैंड के हरफनमौला ग्लेन फिलिप्स ने सोमवार को कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली हार का असर ग्रुप डी में सबसे निचले पायदान पर काबिज कनाडा के खिलाफ उनके मैच पर नहीं पड़ेगा और टीम इस मुकाबले को जीतकर सुपर आठ में जगह पक्की करने की कोशिश करेगी।

न्यूजीलैंड फिलहाल तीन मैचों में दो जीत के साथ ग्रुप तालिका में दूसरे स्थान पर है। दक्षिण अफ्रीका छह अंकों के साथ सुपर आठ में पहुंच चुका है।

दक्षिण अफ्रीका से सात विकेट की हार झेलने के बाद न्यूजीलैंड की कोशिश अपनी खामियों को दूर कर खिताब के दावेदार के तौर पर अपनी स्थिति मजबूत करने की होगी।

फिलिप्स ने कहा, ‘‘ टी20 मैचों में जीत और हार के बीच बहुत कम अंतर होता है। पिछले दिन दक्षिण अफ्रीका ने खेल के हर पहलू में शानदार प्रदर्शन किया। हमने  इससे पहले दक्षिण अफ्रीका को अलग-अलग प्रारूपों में कड़ी टक्कर दी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हमने हाल के दिनों में अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेला है, इसलिए यह समझना जरूरी है कि किसी एक मैच को सब कुछ न मान लिया जाए।  इस प्रारूप में कोई निश्चित पैटर्न नहीं रहता है। अगर हमारा शीर्ष क्रम लड़खड़ाया है, तो हमारे मध्य क्रम ने मोर्चा संभाला है। कभी-कभी ऐसा होता है कि शीर्ष क्रम अच्छी शुरुआत करता है और फिर मध्य क्रम उसे जारी नहीं रख पाता है।’’

इस आक्रामक बल्लेबाज ने कहा, ‘‘टी20 क्रिकेट की यही खासियत है, आप हर समय लय बनाये रखने की कोशिश करते है। हमारे खिलाड़ियों ने जो रवैया अपनाया वह पूरी तरह से मानसिक स्पष्टता को दिखाता है।’’

भाषा आनन्द मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments