scorecardresearch
Tuesday, 6 October, 2026
होमखेलथापा के गोल से भारत ने उरुग्वे के खिलाफ मैच 1-1 से बराबर किया, बिजली चमकने के कारण मैच रुका

थापा के गोल से भारत ने उरुग्वे के खिलाफ मैच 1-1 से बराबर किया, बिजली चमकने के कारण मैच रुका

Text Size:

कोलकाता, छह अक्टूबर (भाषा) भारत और उरुग्वे के बीच सॉल्ट लेक स्टेडियम में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय मैत्री फुटबॉल मैच बिजली चमकने के कारण रोक दिया गया। खेल के शुरुआती 26 मिनट के बाद दोनों टीम 1-1 से बराबरी पर थीं।

ड्रिंक्स ब्रेक के कुछ ही देर बाद खेल रोक दिया गया। बिजली चमकने और बादलों की तेज गड़गड़ाहट के कारण दोनों टीम के खिलाड़ियों को मैदान छोड़कर ड्रेसिंग रूम में जाने के लिए कहा गया।

सुरक्षा के मद्देनजर सार्वजनिक उद्घोषणा के जरिए दर्शकों से निर्धारित ढके हुए स्थानों पर जाने को कहा गया। हालांकि उस समय बारिश नहीं हो रही थी।

खिलाड़ियों ने भी मैदान छोड़ दिया और ड्रेसिंग रूम की ओर चले गए।

खेल रुकने से कुछ मिनट पहले ही अनिरुद्ध थापा ने 22वें मिनट में गोल करके भारत को बराबरी दिलाई थी जिससे काफी हद तक खाली स्टेडियम में छाई खामोशी कुछ देर के लिए टूटी।

रयान विलियम्स के बॉक्स के किनारे से लगाए शॉट को उरुग्वे के गोलकीपर थियागो कार्डोजो ने खतरे से दूर करने की कोशिश की लेकिन मोहन बागान के मिडफील्डर थापा ने मौके का फायदा उठाते हुए रिबाउंड पर गोल कर दिया और सॉल्ट लेक स्टेडियम में जोरदार शोर गूंज उठा।

इससे पहले उरुग्वे ने 11वें मिनट में बढ़त बनाई थी। उसके स्टार फारवर्ड डार्विन नुनेज ने पेनल्टी को गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई। प्रमवीर को फेडेरिको विनास के खिलाफ फाउल का दोषी पाए जाने के बाद उरुग्वे को पेनल्टी मिली थी।

दक्षिण अमेरिकी टीम के खिलाफ तीन दिन में भारत के दूसरे हाई प्रोफाइल मैत्री मैच के लिए भी विशाल सॉल्ट लेक स्टेडियम में दर्शकों की संख्या कम रही।

इस 68,000 दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम की कई सीटें खाली रहीं और तीनों दीर्घाओं (निचली, मध्य और ऊपरी) में काफी कम दर्शक नजर आए। इससे आयोजक अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के लिए स्पष्ट संदेश गया।

कम दर्शकों की संख्या के बावजूद एआईएफएफ ने लोगों को स्टेडियम तक खींचने के लिए कई प्रयास किए थे।

इसी मैदान पर ब्राजील के खिलाफ भारत की 0-4 की हार के दौरान फीकी प्रतिक्रिया देखने के बाद आयोजकों ने उरुग्वे के खिलाफ मैच के टिकटों की कीमत कुछ ब्लॉकों में करीब 90 प्रतिशत तक घटा दी थी। 749 रुपये से शुरू होने वाले टिकट 199 रुपये में उपलब्ध कराए गए।

इसके अलावा मुफ्त पास भी बांटे गए जिनमें पिछले साल कोलकाता में हुए विवादित लियोनेल मेस्सी दौरे के टिकट खरीदने वाले लोगों को दिए गए 22,000 पास भी शामिल थे।

इसके बावजूद किकऑफ के समय स्टेडियम में करीब 15,000 दर्शक ही मौजूद थे।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments