scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमखेलतेंदुलकर ने अपने फर्जी वीडियो का खुलासा किया, तकनीक के दुरुपयोग पर चिंता जताई

तेंदुलकर ने अपने फर्जी वीडियो का खुलासा किया, तकनीक के दुरुपयोग पर चिंता जताई

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 जनवरी (भाषा) दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने सोमवार को उस वीडियो को फर्जी करार दिया जिसमें उन्हें गेमिंग से जुड़े एक एप्लिकेशन (ऐप) का प्रचार करते हुए दिखाया गया है जो उपयोगकर्ताओं को आसानी से पैसे कमाने का लालच देता है।

इस वीडियो में तेंदुलकर को इस एप्लिकेशन की खूबियों के बारे में बताते हुए दिखाया गया है। वह कह रहे हैं कि उन्हें नहीं पता था कि पैसा कमाना इतना आसान हो गया है तथा उनकी बेटी भी इसका उपयोग करती है।

सर्वकालिक महान क्रिकेटरों में से एक तेंदुलकर ने इस वीडियो के साथ संदेश पोस्ट किया है जिसमें उन्होंने तकनीक के दुरुपयोग पर चिंता जताई है।

तेंदुलकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा,‘‘ये वीडियो फर्जी हैं। टेक्नोलॉजी का इस तरह से दुरुपयोग परेशान करने वाला है। सभी से अनुरोध है कि वे इस तरह के वीडियो, विज्ञापन और ऐप की बड़ी संख्या में रिपोर्ट करें।’’

इस वीडियो में उपयोग की गई आवाज तेंदुलकर से मिलती-जुलती है।

तेंदुलकर ने आगे लिखा,‘‘सोशल मीडिया मंचों को शिकायतों के प्रति सतर्क और उत्तरदायी होने की जरूरत है। गलत सूचना और डीपफेक के प्रसार को रोकने के लिए उनकी तरफ से त्वरित कार्रवाई महत्वपूर्ण है।’’

केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने तेंदुलकर के पोस्ट के बाद कहा कि सरकार जल्दी ही सूचना प्रौद्योगिकी कानून के तहत कड़े नियम लेकर आयेगी ।

उन्होंने एक्स पर तेंदुलकर को टैग करके लिखा ,‘‘ धन्यवाद सचिन । कृत्रिम मेधा का प्रयोग करके डीप फेक और गलत सूचना भारतीय उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा और विश्वास को खतरा है । इस तरह के हानिकारक और कानून का उल्लंघन करने वाली चीजों को रोकने और हटाने के लिये प्लेटफॉर्म को प्रयास करने चाहिये ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ मंत्रालय द्वारा हाल ही में जारी परामर्श में कहा गया है कि प्लेटफ़ॉर्म को इसका सौ प्रतिशत पालन करना होगा । हम जल्द ही प्लेटफार्मों द्वारा इसका अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए आईटी कानून के तहत कड़े नियम लेकर आयेंगे ।’’

पिछले कुछ अर्से में अभिनेता टॉम हैंक्स और अभिनेत्री रश्मिका मंधाना भी डीप फेक का शिकार हुए हैं ।

डीप फेक में किसी तस्वीर की रिकॉर्डिंग को तोड़ मरोड़कर किसी और को कुछ करते या कहते हुए दिखाया जाता है जबकि वास्तव में वह व्यक्ति है ही नहीं ।

भाषा

भाषा

मोना सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments