scorecardresearch
Tuesday, 17 March, 2026
होमखेलतेजल और प्रेमा चमके, भारत ए ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स खिताब जीता

तेजल और प्रेमा चमके, भारत ए ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स खिताब जीता

Text Size:

बैंकॉक, 22 फरवरी (भाषा) तेजल हसबनिस के नाबाद अर्धशतक और लेग स्पिनर प्रेमा रावत की फिरकी के जादू से भारत ए ने रविवार को यहां कम स्कोर वाले एकतरफा फाइनल में बांग्लादेश ए को 46 रन से हराकर एसीसी महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट जीत लिया।

भारतीय टीम 44 रन पर चार विकेट गंवाने के बाद संकट में थी लेकिन तेजल ने 34 गेंद में नाबाद 51 रन की प्रभावी पारी खेलकर भारत को 20 ओवर में सात विकेट पर 134 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने कप्तान राधा यादव (30 गेंद में 36 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी भी की।

भारतीय टीम ने इसके बाद प्रेमा (12 रन पर तीन विकेट) की फिरकी के जादू से बांग्लादेश को 19.1 ओवर में 88 रन पर समेट दिया।

बांग्लादेश ने तीसरे ओवर में 12 रन के स्कोर पर पहला विकेट गंवाने के बाद नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और टीम कभी लक्ष्य हासिल करने की स्थिति में नहीं दिखी।

बांग्लादेश ने पहला विकेट इशमा तंजीम के रूप में गंवाया जो तेज गेंदबाज साइमा ठाकोर का शिकार बनीं।

प्रेमा ने शमीमा सुल्ताना को अतिरिक्त उछाल लेती शानदार लेग स्पिन पर आउट किया।

भारत ए ने 2023 में पहले टूर्नामेंट के फाइनल में भी बांग्लादेश ए को हराकर खिताब जीता था।

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम जल्द ही संकट में घिर गई लेकिन तेजल ने अपने कौशल का शानदार नजारा पेश करते हुए टीम को परेशानी से उबारा। उन्होंने 150 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की।

भाषा सुधीर पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments