scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमखेलटी20 विश्व कप फाइनल: अहमदाबाद जाने के लिए हवाई किराए में भारी बढोतरी, विशेष ट्रेन की घोषणा

टी20 विश्व कप फाइनल: अहमदाबाद जाने के लिए हवाई किराए में भारी बढोतरी, विशेष ट्रेन की घोषणा

Text Size:

अहमदाबाद, सात मार्च (भाषा) अहमदाबाद के ज्यादातर रूट का हवाई किराया आसमान छू रहा है जहां रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप फाइनल खेला जाएगा।

इस मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी शहर का रूख कर रहे हैं।

अधिकारियों ने शनिवार को कहा कि यात्रा की बढ़ती मांग के कारण भारतीय रेलवे ने अहमदाबाद के लिए विशेष ट्रेन शुरू की हैं।

‘गुजरात टूरिज्म डेवलपमेंट सोसाइटी’ के चेयरमैन मनीष शर्मा ने कहा, ‘‘मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और दूसरे शहरों से आने वाली उड़ानों के किराए में काफी बढ़ोतरी हुई है। ’’

मुंबई-अहमदाबाद का हवाई किराया आमतौर पर लगभग 3,000 रुपये होता है जो अब बढ़कर 15,000 से 17,000 रुपये हो गया है।

शर्मा ने कहा कि नयी दिल्ली से अहमदाबाद की उड़ान का किराया अभी लगभग 14,000 रुपये है जबकि बेंगलुरु-अहमदाबाद का किराया भी लगभग 13,000 रुपये हो गया है।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले फाइनल को देखने के लिए उत्सुक क्रिकेट प्रेमियों की भारी मांग के बीच कीमतों में यह उछाल आया है।

पश्चिम रेलवे ने मुंबई से अहमदाबाद के लिए स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। मुंबई सेंट्रल के विभागीय रेलवे मैनेजर ने इन व्यवस्थाओं की पुष्टि की है और उन्होंने लिखा, ‘‘टी20 पुरुष विश्व कप फाइनल के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए स्पेशल किराए पर एसी सुपरफास्ट स्पेशल ‘ट्रेनें ऑन डिमांड’ बांद्रा टर्मिनस-अहमदाबाद के बीच चलेंगी। ’’

इस बीच उत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु उपाध्याय ने कहा, ‘‘अहमदाबाद जाने के इच्छुक यात्रियों की संख्या बढ़ने और फ्लाइट टिकट महंगे होने तथा सामान्य ट्रेन टिकट उपलब्ध नहीं होने के कारण हमने क्रिकेट प्रेमियों की सुविधा के लिए नयी दिल्ली से विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘19 कोचों वाली यह विशेष ट्रेन आज रात 11:45 बजे नयी दिल्ली से रवाना होकर दिल्ली कैंट, गुरुग्राम और जयपुर के रास्ते कल दोपहर 2:30 बजे साबरमती पहुंचेगी। ’’

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments