scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमखेलसदरलैंड के हरफनमौला खेल से हार की कगार पर भारतीय महिला टीम

सदरलैंड के हरफनमौला खेल से हार की कगार पर भारतीय महिला टीम

Text Size:

पर्थ, सात मार्च (भाषा) अनुभवी हरफनमौला एनाबेल सदरलैंड ने शतकीय पारी खेलने के बाद दो विकेट भी चटकाये जिससे एकमात्र महिला दिन रात्रि टेस्ट मैच के दूसरे दिन शनिवार को यहां ऑस्ट्रेलिया ने भारत पर मजबूत पकड़ बना ली।

सदरलैंड की 171 गेंदों पर 129 रन की शानदार पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 323 रन बनाकर 125 रन की बढ़त हासिल की। सदरलैंड का यह पिछली सात पारियों में चौथा और लगातार तीसरा शतक है।

इसके बाद मेजबान टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक भारत को दूसरी पारी में 105 रन पर छह विकेट चटका दिये।

भारत अब भी ऑस्ट्रेलिया से 20 रन पीछे है और दिन का खेल खत्म होते समय प्रतिका रावल (43) के साथ स्नेह राणा (14) क्रीज पर मौजद है।

बल्ले से कमाल करने के बाद सदरलैंड ने हरमनप्रीत कौर (11) और जेमिमा रोड्रिग्स (14) के अहम विकेट चटकाये।

सदरलैंड ने पहले बल्ले से भारत पर दबदबा कायम किया। उन्होंने तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ की शॉर्ट-पिच गेंद को विकेटकीपर ऋचा घोष के ऊपर से बाउंड्री लगाकर 133 गेंदों में अपना शतक पूरा किया

आठ टेस्ट में लगभग 90 की औसत रखने वाली इस दाएं हाथ की बल्लेबाज ने तेज और स्पिन दोनों तरह की गेंदबाजी के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। दीप्ति शर्मा की स्पिन के खिलाफ उन्होंने कवर और मिड-ऑफ के बीच शानदार ड्राइव लगाए जबकि क्रांति गौड़ की फुल लेंथ गेंद पर मिड-विकेट की दिशा में बेहतरीन चौका जड़ा। उनकी बल्लेबाजी में शानदार तकनीक के साथ टाइमिंग और ताकत का कमाल का मिश्रण देखने को मिला।

ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 96 रन से की थी और उस समय स्थिति थोड़ी अस्थिर थी, लेकिन सदरलैंड ने दो अहम साझेदारियां कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

अनुभवी एलिस पेरी (76) ने चौथे विकेट के लिए उनके साथ 128 रन की अहम साझेदारी की। इस साझेदारी को दीप्ति ने पेरी को पगबाधा कर तोड़ा।

सदरलैंड ने इसके बाद बेथ मूनी के साथ पांचवें विकेट के लिए 54 रन जोड़े। मूनी शुरुआत में संघर्ष करती दिखीं । उन्हें खाता खोलने से पहले लगतार दो गेंदों पर जीवनदान मिला। इसमें दीप्ति की गेंद पर स्लिप में स्नेह राणा का आसान कैच पकड़ने में नाकाम रहना भी शामिल था।

सदरलैंड के आउट होते ही भारत को वापसी का मौका मिला। उन्होंने दीप्ति की गेंद पर लॉन्ग-ऑन के ऊपर शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद हरमनप्रीत के हाथों में चली गई।

इसके बाद अलाना किंग और लूसी हैमिल्टन ने उपयोगी 20-20 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 300 के पार पहुंचाया और पहली पारी की बढ़त 100 रन से ज्यादा कर दी।

भारतीय बल्लेबाज दूसरी पारी में भी बड़ी साझेदारी करने में नाकाम रहे। स्मृति मंधाना तेज गेंदबाज डार्सी ब्राउन की गेंद को स्टंप्स पर खेल बैंठी तो वही शेफाली वर्मा लूसी हैमिल्टन की ऑफ स्टंप से बाहर निकलती गेंद को ड्राइव करने की कोशिश में विकेटकीपर बेथ मूनी को कैच दे बैठी।

टीम को सबसे ज्यादा निराश जेमिमा ने किया। दायें हाथ की इस बल्लेबाज ने जोखिम लेते हुए स्कूप शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे विकेटकीपर मूनी के हाथों में चली गई।

बाएं हाथ की तेज गेंदबाज हैमिल्टन ने इसके बाद 24वें ओवर में दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष को आउट किया जिससे भारत का स्कोर छह विकेट पर 82 रन हो गया ।

प्रतिका और राणा ने इसके बाद विकेटों के पतझड़ को रोका लेकिन दिन के अंत तक टीम की स्थिति काफी कमजोर हो चुकी थी।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments