scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमखेलसुदीरमन कप फाइनल: भारत के सामने इंडोनेशिया की कड़ी चुनौती

सुदीरमन कप फाइनल: भारत के सामने इंडोनेशिया की कड़ी चुनौती

Text Size:

शियामेन (चीन), 28 अप्रैल (भाषा) प्रतियोगिता में बने रहने के लिए इंडोनेशिया जैसी मजबूत टीम को हराने की चुनौती का सामना कर रही भारतीय टीम को मंगलवार को यहां बीडब्ल्यूएफ सुदीरमन कप फाइनल्स के ग्रुप डी में अपने स्टार एकल खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

भारत के अभियान की शुरुआत रविवार को डेनमार्क के खिलाफ 1-4 से हार के साथ हुई जिससे नॉकआउट के लिए क्वालीफाई करने की उसकी उम्मीदों को झटका लगा है।

ग्रुप डी से केवल दो टीम आगे बढ़ेंगी और ऐसे में भारत को अपनी उम्मीदों को जीविंत रखने के लिए इंडोनेशिया के खिलाफ जीत हासिल करनी होगी। भारत अगर इंडोनेशिया से हार जाता है तो इंग्लैंड के खिलाफ उसका तीसरा और अंतिम ग्रुप मैच महज औपचारिकता बनकर रह जाएगा।

स्टार एकल खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, एचएस प्रणय और पीवी सिंधू की खराब फॉर्म के कारण भारत की परेशानियां बढ़ी हैं।

हालांकि भारत के लिए कुछ उम्मीद है। लक्ष्य ने अपने पिछले दो मुकाबलों- पेरिस ओलंपिक और ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में इंडोनेशिया के शीर्ष पुरुष एकल खिलाड़ी जोनाथन क्रिस्टी को हराया है।

महिला एकल में इंडोनेशिया की शीर्ष खिलाड़ी ग्रेगोरिया मारिस्का तुनजुंग के बाहर होने के बाद सिंधू का सामना दुनिया की 11वें नंबर की खिलाड़ी पुत्री कुसुमा वर्दानी से होगा जिसे वह अतीत में दो बार हरा चुकी हैं।

इंडोनेशिया में पास हालांकि मजबूत युगल खिलाड़ी हैं जिसमें फजर अल्फियान, मुहम्मद रियान अर्दियांतो, लियो रोली कार्नांडो, मुहम्मद शोहिबुल फिकरी और डेनियल मार्टिन शामिल हैं। ये सभी दुनिया के शीर्ष 10 खिलाड़ियों में शामिल हैं।

भारत की शीर्ष पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की अनुपस्थिति में, हरिहरन अम्साकरुणन और रुबन कुमार रेथिनासाबापति की अनुभवहीन जोड़ी को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा।

महिला युगल में फेब्रियाना द्विपुजी कुसुमा और अमालिया काहया प्रतीवी विश्व रैंकिंग में आठवें स्थान पर हैं और त्रीशा जॉली तथा गायत्री गोपीचंद की गैरमौजूदगी में तनीषा क्रास्टो और श्रुति मिश्रा से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी जिन्होंने डेनमार्क के खिलाफ प्रभावित किया था। डेनमार्क के खिलाफ तनीषा और श्रुति ही भारत के लिए जीत दर्ज कर पाईं थी।

मिश्रित युगल में भारत के ध्रुव कपिला और तनीषा को इंडोनेशिया के रिनोव रिवाल्डी और पिथा हनिंगत्यास मेंटारी की दुनिया की 21वें नंबर की जोड़ी से भिड़ना है।

फरवरी में भारत को बैडमिंटन एशिया मिश्रित टीम चैंपियनशिप में झटका लगा था जहां वे एक मजबूत टीम उतारने के बावजूद किंगदाओ में क्वार्टर फाइनल से बाहर हो गया था। भारतीय टीम यहां लीग चरण से बाहर होने से बचना चाहेगी।

सुदीरमन कप में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दो बार 2011 और 2017 में क्वार्टर फाइनल में पहुंचना रहा है।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments