scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमखेलइस्लामाबाद में बम विस्फोट के बाद श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने चिंता जताई

इस्लामाबाद में बम विस्फोट के बाद श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने चिंता जताई

Text Size:

कोलंबो, 12 नवंबर (भाषा) एकदिवसीय श्रृंखला के लिए पाकिस्तान दौरे पर गए श्रीलंका के कुछ क्रिकेटरों ने इस्लामाबाद में हुए एक घातक बम विस्फोट के बाद सुरक्षा संबंधी चिंताएं व्यक्त की हैं और अपने बोर्ड से दौरा रद्द करने का अनुरोध किया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के सूत्रों ने बताया कि रावलपिंडी के इस्लामाबाद के निकट होने के कारण कुछ खिलाड़ियों ने वापस लौटने की इच्छा व्यक्त की है। तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला रावलपिंडी में खेली जानी है। विस्फोट में 12 लोग मारे गए थे।

हालांकि एसएलसी प्रबंधन से संकेत मिले हैं कि वे चाहते हैं कि दौरा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही हो।

एकदिवसीय श्रृंखला के बाद एक त्रिकोणीय श्रृंखला होगी जिसमें जिम्बाब्वे भी शामिल होगा।

श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच पहला एकदिवसीय मैच मंगलवार को रावलपिंडी में खेला गया था जिसे मेजबान टीम ने छह रन से जीत लिया था। दूसरा एकदिवसीय मैच बृहस्पतिवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा।

श्रीलंकाई क्रिकेट टीम की बस पर 2009 में आतंकियों ने हमला किया था जब टीम दूसरे टेस्ट मैच के लिए लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम जा रही थी।

इस हमले में अजंता मेंडिस, चमिंडा वास और कप्तान महेला जयवर्धने सहित श्रीलंकाई टीम के कई सदस्य घायल हो गए थे जबकि कई पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए थे।

इस घातक हमले के बाद सभी विदेशी टीमों ने एक दशक से भी अधिक समय तक पाकिस्तान का दौरा करने से परहेज किया और देश को अपने घरेलू मुकाबलों की मेजबानी के लिए पश्चिम एशिया के विदेशी स्थलों का उपयोग करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

दिसंबर 2019 में श्रीलंका के पाकिस्तान दौरे के साथ ही देश में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी हुई।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments