scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमखेलकनाडा के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन के इरादे से उतरेगा दक्षिण अफ्रीका

कनाडा के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन के इरादे से उतरेगा दक्षिण अफ्रीका

Text Size:

अहमदाबाद, आठ फरवरी (भाषा) दक्षिण अफ्रीका को खिताब के लिए चुनौती पेश करनी है तो सोमवार को कनाडा के खिलाफ टी20 विश्व कप में अपना अभियान शुरू करते हुए अपने हालिया फॉर्म से बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

कनाडा के पास मैच अभ्यास की कमी है लेकिन टीम मजबूत छाप छोड़ने की कोशिश कर रही है।

जून 2024 में भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप 2024 फाइनल हारने के बाद से दक्षिण अफ्रीका ने 32 मैच में से सिर्फ 12 में जीत हासिल की है।

हालांकि पिछले साल विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जीतकर ट्रॉफी का सूखा खत्म करने के बाद अब उनमें विश्व खिताब जीतने का आत्मविश्वास बढ़ा है।

रेयान रिकेल्टन और ट्रिस्टन स्टब्स मूल टीम का हिस्सा नहीं थे लेकिन डोनावन फेरेरा और टोनी डि जॉर्जी के चोटिल होने के बाद उन्हें टीम में जगह मिली है।

केशव महाराज स्पिन आक्रमण की अगुआई करेंगे जबकि भारत और श्रीलंका की बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा का प्रदर्शन हमेशा की तरह महत्वपूर्ण होगा।

बल्लेबाजी विभाग में क्विंटन डिकॉक और डेवाल्ड ब्रेविस पर नजरें रहेंगी।

दक्षिण अफ्रीका की टीम पिछले टूर्नामेंट में बारबडोस में फाइनल में अधिकांश समय लक्ष्य का पीछा करने की स्थिति में होने के बावजूद भारत से हार गई थी और टीम पर इसका असर दिखेगा।

दूसरी ओर कनाडा ने पिछले चार महीने में शीर्ष स्तर का अधिक क्रिकेट नहीं खेला है। टीम अपना लगातार दूसरा टी20 विश्व कप खेल रही है जिसमें 23 साल के दिलप्रीत बाजवा ने निकोलस किर्टन से कप्तानी संभाली है।

कनाडा की टीम क्वालीफिकेशन में अजेय रही और उसने फाइनल सहित अमेरिका के अपने सभी छह क्षेत्रीय मुकाबले जीते।

दूसरी तरफ पिछले टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाने के बाद जिम्बाब्वे के पास खुद को साबित करने का मौका है।

कप्तान सिकंदर रजा और विकेटकीपर ब्रेंडन टेलर जैसे कई जाने-पहचाने चेहरे टीम का हिस्सा हैं लेकिन टीम के सबसे युवा खिलाड़ी 22 वर्षीय ब्रायन बेनेट ने जिम्बाब्वे को अफ्रीकी क्वालीफायर में आगे ले जाने में बड़ी भूमिका निभाई।

बेनेट अपने घरेलू मैदान पर बेहतरीन फॉर्म में थे। उन्होंने तीन अर्धशतक और एक शतक लगाकर जिम्बाब्वे की विश्व कप में जगह सुनिश्चित की। उन्होंने नवंबर में पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ त्रिकोणीय श्रृंखला में भी कुछ अच्छी पारियां खेलीं और अगर जिम्बाब्वे को विरोधी टीम को चौंकाना है तो इसमें उनकी अहम भूमिका हो सकती है।

जिम्बाब्वे ने चार साल पहले फाइनल में पहुंचने वाले पाकिस्तान को हराया था और वे अपने दूसरे मैच में ग्रुप की प्रबल दावेदार टीम ऑस्ट्रेलिया से भिड़ने से पहले ओमान के खिलाफ दबदबे वाली शुरुआत करना चाहेंगे।

ओमान टी20 टूर्नामेंट में चौथी बार हिस्सा ले रहा है। अपने पिछले तीन में से दो टूर्नामेंट में ओमान ने जीत हासिल की है जिसमें 2016 में अपने पहले ही मैच में आयरलैंड को हराना भी शामिल है।

जतिंदर सिंह टीम की कप्तानी और पारी का आगाज करेंगे और उन्हें उप कप्तान तथा विकेटकीपर विनायक शुक्ला से काफी समर्थन मिलेगा। ओमान की ताकत उनकी गेंदबाजी है जिसमें जितेन रामानंदी, सुफियान महमूद और नदीम खान सभी को क्वालीफायर में काफी सफलता मिली।

टीम इस प्रकार हैं:

कनाडा: दिलप्रीत बाजवा (कप्तान), अजयवीर हुंडल, अंश पटेल, डाइलन हेलिगर, हर्ष ठाकेर, जसकरनदीप सिंह, कलीम सना, कंवरपाल ताथगुर, नवनीत धालीवाल, निकोलस किर्टन, रविंदरपाल सिंह, साद बिन जफर, शिवम शर्मा, श्रेयस मोवा, युवराज समरा।

दक्षिण अफ्रीका: एडेन मारक्रम (कप्तान), कोर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डिकॉक, मार्को यानसेन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिच नोर्किया, कागिसो रबाडा, रेयान रिकेल्टन, जेसन स्मिथ और ट्रिस्टन स्टब्स।

समय: मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे शुरू होगा।

भाषा सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments