scorecardresearch
Thursday, 5 February, 2026
होमखेलस्मृति और जॉर्जिया के अर्धशतक, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली को हराकर डब्ल्यूपीएल खिताब जीता

स्मृति और जॉर्जिया के अर्धशतक, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली को हराकर डब्ल्यूपीएल खिताब जीता

Text Size:

वडोदरा, पांच फरवरी (भाषा) कप्तान स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वोल के अर्धशतक और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने महिला प्रीमियर लीग चार के बड़े स्कोर वाले रोमांचक फाइनल में बृहस्पतिवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से हराकर दूसरी बार खिताब जीत लिया।

अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियनस दोनों के नाम पर दो-दो डब्ल्यूपीएल खिताब हो गए हैं। दिल्ली की टीम को लगातार चौथी बार फाइनल में खेलते हुए शिकस्त का सामना करना पड़ा।

दिल्ली के 204 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने स्मृति (87 रन, 41 गेंद, 12 चौके, तीन छक्के) और जॉर्जिया (79 रन, 54 गेंद, 14 चौके) के बीच दूसरे विकेट की 165 रन की साझेदारी से 19.4 ओवर में चार विकेट पर 204 रन बनाकर जीत दर्ज की।

चिनेल हेनरी (34 रन पर दो विकेट) और नंदिनी (41 रन पर एक विकेट) ने अंतिम ओवरों में दिल्ली कैपिटल्स को वापसी दिलाने की कोशिश की लेकिन टीम को हार से नहीं बचा पाईं।

दिल्ली कैपिटल्स ने कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स (57), लॉरा वोल्वार्ट (44), सलामी बल्लेबाज लिजेल ली (37) और सलामी बल्लेबाज हेनरी (नाबाद 35) की पारियों से चार विकेट पर 203 रन बनाए।

जेमिमा ने 37 गेंद की अपनी पारी में आठ चौके मारे और वोल्वार्ट के साथ तीसरे विकेट के निए 76 रन जोड़े जिन्होंने 25 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके और दो छक्के मारे। हेनरी ने 15 गेंद में दो चौके और दो छक्के जड़े और वौल्वार्ट के साथ चौथे विकेट के लिए सिर्फ 24 गेंद में 55 रन की तूफानी साझेदारी करके टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दूसरे ओवर में ही ग्रेस हैरिस (09) का विकेट गंवा दिया जिन्हें हेनरी ने बोल्ड किया।

कप्तान स्मृति और जॉर्जिया ने इसके बाद पारी को संभाला। स्मृति ने हेनरी पर चौके से खाता खोला जबकि जॉर्जिया ने मारिजेन कैप और हेरनी पर दो-दो चौके मारे।

स्मृति ने नंदिनी की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ पावर प्ले में टीम का स्कोर एक विकेट पर 59 रन तक पहुंचाया।

स्मृति ने नंदिनी पर छक्के के साथ 10 ओवर में टीम के रनों का सैकड़ा पूरा किया और फिर श्री चरणी की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया।

जॉर्जिया ने श्री चरणी की गेंद पर एक रन के साथ 37 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जबकि स्मृति ने स्नेह राणा पर चौके के साथ सिर्फ 22 गेंद में यह उपलब्धि हासिल की।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के 150 रन 14 ओवर में पूरे हुए।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 42 रन की दरकार थी।

मीनू मनि ने जॉर्जिया को शेफाली के हाथों कैच कराके स्मृति के साथ उनकी साझेदारी को तोड़ा।

रिचा घोष (06) ने नंदिनी पर चौका मारा लेकिन दो गेंद पर मीनू को कैच दे बैठीं।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को अंतिम दो ओवर में 18 रन की जरूरत थी। डि क्लर्क ने हेनरी पर चौका मारा लेकिन इस तेज गेंदबाज ने स्मृति को बोल्ड कर दिया। इस ओवर में आठ रन बने।

अंतिम ओवर में बल्लेबाजों को जीत के लिए 10 रन बनाने थे और राधा यादव (नाबाद 12) ने श्री चरणी पर लगातार दो चौकों के साथ टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

इससे पहले स्मृति ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद लिजेल और शेफाली वर्मा (20) ने 49 रन जोड़कर दिल्ली कैपिटल्स को सधी हुई शुरुआत दिलाई।

शेफाली ने लॉरेन बेल पर पारी का पहला चौका मारा जबकि लिजेल ने सयाली सतघरे (46 रन पर एक विकेट) पर लगातार दो छक्के जड़े।

शेफाली ने अरुंधति रेड्डी (40 रन पर एक विकेट) पर दो चौके मारे लेकिन इसी ओवर में विकेटकीपर ऋचा घोष को कैच दे बैठीं।

दिल्ली ने पावर प्ले में एक विकेट 53 रन बनाए।

वोल्वार्ट ने आते ही अरुंधति पर चौका जड़ा जबकि लिजेल ने श्रेयंका पाटिल का स्वागत लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्के के साथ किया।

नेदिन डि क्लर्क (48 रन पर एक विकेट) ने लिजेल को ग्रेस हैरिस के हाथों कैच कराके रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को बड़ी सफलता दिलाई। लिजेल ने 30 गेंद की अपनी पारी में तीन छक्के और इतने ही चौके मारे।

जेमिमा और वोल्वार्ट ने इसके बाद पारी को संभाला। जेमिमा ने डि क्लर्क पर दो चौके जड़ने के बाद श्रेयंका पर तीन चौके मारे।

दिल्ली के रनों का शतक 11वें ओवर में पूरा हुआ।

जेमिमा ने डि क्लर्क की गेंद पर एक रन के साथ 32 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जिसमें सात चौके शामिल रहे।

जेमिमा ने सतघरे पर भी चौका जड़ा लेकिन इसके बाद उनकी फुलटॉस गेंद को डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर डि क्लर्क के हाथों में खेल गई।

चिनेल हेनरी ने 19वें ओवर में डि क्लर्क पर चार चौकों और एक छक्के से 24 रन बटोरे और फिर सतघरे पर भी छक्का मारे। वोल्वार्ट पारी की अंतिम गेंद पर रन आउट हुईं।

भाषा सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments