scorecardresearch
Wednesday, 18 March, 2026
होमखेलनिशानेबाजी ट्रायल्स: अंकुर ने रैपिड फायर पिस्टल में दूसरी जीत दर्ज की

निशानेबाजी ट्रायल्स: अंकुर ने रैपिड फायर पिस्टल में दूसरी जीत दर्ज की

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 अगस्त (भाषा)  उत्तराखंड के अंकुर गोयल ने सोमवार को यहां चयन ट्रायल्स में पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में अपना दूसरा खिताब जीता।

अंकुर ने अपने पदक मैच में 28 अंक जुटाकर राजस्थान के भावेश शेखावत को पछाड़ा। भावेश 26 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे। हरियाणा के समीर 18 निशाने के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

अंकुर ने शनिवार को पुरुषों की रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा जीती थी।

भोपाल में आयोजित  महिला 10 मीटर एयर राइफल राष्ट्रीय चयन ट्रायल में हरियाणा की हेजल ने अपनी दूसरी जीत दर्ज की। उन्होंने स्वर्ण पदक मैच में राज्य की नैन्सी को 16-2 से हराया।

ये दोनों निशानेबाज क्वालीफायर में भी क्रमश: 631.2 और 629.7 के स्कोर के साथ पहले और दूसरे स्थान पर रही। इन दोनों ने सेमीफाइनल में भी क्रमश: 263.3 और 262.2 अंक बनाये।  रेलवे की मेघना सज्जनर ने कांस्य पदक जीता।

  नयी दिल्ली की कर्णी सिंह निशानेबाजी रेंज में पिस्टल क्वालीफिकेशन में पंजाब के उदयवीर सिद्धू 583 अंक के साथ शीर्ष पर रहे जबकि अंकुर 577 अंकों के साथ पांचवें और भावेश चौथे स्थान पर रहे। भावेश के नाम भी 577 अंक थे लेकिन उन्होंने अधिक ‘इनर 10’ लगाये थे।

फाइनल में अंकुर और भावेश ने अपने खेल का स्तर ऊंचा किया। अंकुर दूसरे सेमीफाइनल में 15 अंक के साथ शीर्ष पर रहे जबकि भावेश पहले सेमीफाइनल में 14 अंक के साथ शीर्ष पर रहे।

पुरुष जूनियर रैपिड पिस्टल स्पर्धा ट्रायल्स में हरियाणा के आदर्श सिंह 25 अंक के साथ विजेता बने। समीर (23 अंक) और आग्नेय कौशिक (17 अंक) क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

पुरुषों की 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में सीआईएसएफ के नवदीप सिंह राठौड़  627.4 अंक के साथ विजेता बने। नौसेना के जी पुरुषोत्तमन (620.1 अंक) दूसरे जबकि राहुल पूनिया ( 617.3 अंक) तीसरे स्थान पर रहे।

भाषा    आनन्द सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments