scorecardresearch
गुरूवार, 8 मई, 2025
होमखेलशमशेर और वेटन दिल्ली एसजी पाइपर्स के सह कप्तान, नवनीत महिला टीम की कप्तान होंगी

शमशेर और वेटन दिल्ली एसजी पाइपर्स के सह कप्तान, नवनीत महिला टीम की कप्तान होंगी

Text Size:

नयी दिल्ली, 29 नवंबर (भाषा) दिल्ली एसजी पाइपर्स ने शुक्रवार को भारत के दो बार के ओलंपिक पदक विजेता मिडफील्डर शमशेर सिंह और अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई जैकब वेटन को हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के पहले सत्र के लिए अपनी पुरुष टीम का सह कप्तान नियुक्त करने की घोषणा की।

दिल्ली की फ्रेंचाइजी ने भारतीय उप कप्तान और स्ट्राइकर नवनीत कौर को महिला टीम का कप्तान नियुक्त किया।

चार टीम की महिला एचआईएल इस सत्र से अपना पदार्पण करेगी जो 12 जनवरी 2025 से रांची में शुरू होगी। पुरुषों की एचआईएल 28 दिसंबर से राउरकेला में शुरू होगी।

वेटन ने सह कप्तान बनाये जाने के बाद वेटन ने कहा, ‘‘हॉकी इंडिया हर दिन प्रतिस्पर्धी माहौल में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ हॉकी खिलाड़ियों के साथ और उनके खिलाफ खेलने का शानदार मौका प्रदान करती है। ’’

तीन बार के ओलंपियन वेटन उस ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा थे जिसने 2020 तोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीता था।

शमशेर भी खुद को दी गई जिम्मेदारी से काफी रोमांचित थे, उन्होंने कहा, ‘‘जैकब वेटन के साथ सह कप्तान बनाने के लिए मैं दिल्ली एसजी पाइपर्स का धन्यवाद करना चाहूंगा। मैं पूरे टीम प्रबंधन को भी धन्यवाद करता हूं जिसमें मुख्य कोच ग्राहम रीड और मेंटोर पीआर श्रीजेश ने मुझ पर भरोसा दिखाया है। ’’

शमशेर भारत के लिए 103 मैच खेल चुके हैं जिसमें उनके नाम 16 गोल हैं। अर्जुन पुरस्कार हासिल कर चुके शमशेर ने 2019 में पदार्पण किया था और तब से वह राष्ट्रीय टीम के कई सफल अभियान में हिस्सा रह चुके हैं।

दिल्ली एसजी पाइपर्स पुरुष टीम के मुख्य कोच ग्राहम रीड ने कहा कि शमशेर के कौशल को देखते हुए वह उप कप्तानी के लिए स्वाभाविक पसंद थे।

दिल्ली एसजी पाइपर्स महिला टीम के मुख्य कोच डेव स्मोलेनार्स ने कहा कि नवनीत टीम की कप्तानी के लिए पहली पसंद थीं। टीम ने बेल्जियम की डिफेंडर एम्मा पुवरेज को उप कप्तान नियुक्त किया।

नवनीत ने 2014 में पदार्पण किया था, तब से वह 178 मैच खेल चुकी हैं और उनके नाम 53 गोल हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं इतनी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ खेलने को लेकर उत्साहित हूं। मुझे अपनी टीम पर पूरा भरोसा है। ’’

भाषा नमिता मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments