धर्मशाला, सात अक्टूबर (भाषा) बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन को खुशी है कि उनके ऑलराउंडरों ने अफगानिस्तान के खिलाफ विश्व कप मैच में अच्छा योगदान दिया जिससे उनकी टीम छह विकेट से आसान जीत दर्ज करने में सफल रही।
बांग्लादेश ने पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला करने के बाद अफगानिस्तान को 156 रन पर आउट कर दिया था। इसके बाद मेहदी हसन मिराज (57) और नजमुल हसन शंटो (नाबाद 59) के अर्धशतकों की मदद से उसने 34.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर दिया ।
इस शानदार जीत के बावजूद शाकिब शुरुआत से खुश नजर नहीं आए लेकिन उन्होंने अपने ऑलराउंडरों के योगदान की सराहना की।
शाकिब ने मैच के बाद कहा,‘‘ हमें वैसी शुरुआत नहीं मिली जैसी हम चाहते थे, लेकिन हम सभी को विश्वास था कि एक बार विकेट हासिल करने के बाद हम और विकेट हासिल करने में सफल रहेंगे। यह आसान नहीं था लेकिन मुझे बहुत खुशी है कि हमने अच्छी गेंदबाजी की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं गेंदबाजी में अपने योगदान से खुश हूं। हमारे सभी पांच गेंदबाजों ने विकेट लिए। हमारे स्पिनरों ने बड़ी भूमिका निभाई लेकिन यह लंबी अवधि का टूर्नामेंट है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे तेज गेंदबाज अधिक योगदान देंगे। मेहदी और शंटो शानदार लय में चल रहे हैं और टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं।’’
अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने कहा कि खराब शॉट चयन के कारण उनकी टीम अच्छा स्कोर नहीं बना पाई।
उन्होंने कहा,‘‘हमारी शुरुआत अच्छी रही थी लेकिन बीच के ओवरों में पहला विकेट गंवाने के बाद हमारा शॉट का चयन अच्छा नहीं रहा लेकिन उन्होंने भी कसी गेंदबाजी की। मुझे लगता है कि हमने उन्हें अच्छी चुनौती दी लेकिन हमारा स्कोर पर्याप्त नहीं था। हमें अब इन गलतियों से सबक लेकर इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले मैच पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। ’’
मैन ऑफ द मैच मेहदी हसन ने कहा,‘‘यह हमारे लिए शानदार पल है। मैंने अतीत में कड़ी मेहनत की। इस जीत का श्रेय टीम प्रबंधन को जाता है। मैं शुरुआत में थोड़ा सतर्क होकर गेंदबाजी कर रहा था लेकिन कप्तान ने मुझे सही क्षेत्र में गेंद करने के लिए कहा जिससे मेरा आत्मविश्वास बढ़ा। इसलिए मेरे इस प्रदर्शन का श्रेय कप्तान को भी जाता है।’’
भाषा पंत आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
