scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमखेलसाव ने बारिश से प्रभावित दलीप ट्रॉफी के पहले दिन जड़ा नाबाद ताबड़तोड़ अर्धशतक

साव ने बारिश से प्रभावित दलीप ट्रॉफी के पहले दिन जड़ा नाबाद ताबड़तोड़ अर्धशतक

Text Size:

चेन्नई, आठ सितंबर (भाषा) पृथ्वी साव की आक्रामक 61 रनों की पारी की बदौलत पश्चिम क्षेत्र ने दलीप ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल मैच के बारिश से प्रभावित शुरुआती दिन पूर्वोत्तर क्षेत्र के खिलाफ बिना किसी नुकसान के 116 रन बना लिये।

साव ने पहले विकेट के लिए यशस्वी जायसवाल (नाबाद 55) के साथ 116 रन की अटूट साझेदारी कर ली है। बारिश के कारण मैच शुरू होने में काफी विलंब हुआ और पूर्वोत्तर क्षेत्र के कप्तान होकेतो झिमोमी ने टॉस जीत कर पश्चिम क्षेत्र को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया।

साव ने क्रीज पर उतरने के साथ ही अपने इरादे जाहिर कर दिये। वह गेंद को हवा में मारने में भी संकोच नहीं कर रहे थे। अबतक 66 गेंद की पारी में साव ने चार छक्के और पांच चौके लगाये है। रेक्स राजकुमार के खिलाफ लगातार दो छक्के लगाकर उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया।

खराब रोशनी के कारण 25 ओवर के बाद दिन के खेल को रोकना पड़ा।

पुडुचेरे में खेले जा रहे दूसरे मैच में पूर्व क्षेत्र ने उत्तर क्षेत्र के खिलाफ मैच के पहले दिन 54 ओवर में तीन विकेट पर 179 रन बना लिये।

बारिश के कारण इस मैच में भी विलंब हुआ। प्रतिभाशाली रियान पराग को पारी का आगाज करने के लिए भेजा गया लेकिन वह नवदीप सैनी की गेंद पर आठ रन बनाकर आउट हो गये।

दूसरे सलामी बल्लेबाज सुदीप कुमार घरामी ने 137 गेंद की पारी में 68 रन बनाने के साथ अनुस्तूप मजूमदार (47) के साथ दूसरे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी की।

इस साझेदारी को सिद्धार्थ कौल ने तोड़ा।

घरामी ने इसके बाद विराट सिंह (नाबाद 43) के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की। वह हिमांशु राणा की गेंद पर आउट हुए।

स्टंप्स के समय विराट के साथ कप्तान मनोज तिवारी नौ रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।

भाषा आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments