scorecardresearch
Saturday, 21 March, 2026
होमखेलसात्विक-चिराग ने विश्व चैंपियनशिप के पुरुष युगल में भारत का पहला पदक पक्का किया

सात्विक-चिराग ने विश्व चैंपियनशिप के पुरुष युगल में भारत का पहला पदक पक्का किया

Text Size:

तोक्यो, 26 अगस्त (भाषा) सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने शुक्रवार को यहां क्वार्टर फाइनल में ताकुरो होकी और यूगो कोबायाशी की विश्व में दूसरे नंबर की जापानी जोड़ी को हराकर विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना पहला पदक पक्का किया।

इस माह के शुरू में राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली विश्व में सातवें नंबर की भारतीय जोड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन करके खिताब की प्रबल दावेदार और मौजूदा चैंपियन जापानी जोड़ी को एक घंटे 15 मिनट तक चले मैच में 24-22, 15-21, 21-14 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और इसके साथ ही पहली बार विश्व चैंपियनशिप में अपने लिए पदक सुनिश्चित किया।

यह भारत का विश्व चैंपियनशिप में युगल में दूसरा पदक है। इससे पहले ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी ने 2011 में महिला युगल में पदक जीता था।

इससे पहले एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिला का विजय अभियान तीन बार के स्वर्ण पदक विजेता मोहम्मद अहसान और हेंड्रा सेतियावान की जोड़ी से पुरुष युगल क्वार्टर फाइनल में हारने के साथ समाप्त हो गया।

गैरवरीय भारतीय जोड़ी को इंडोनेशिया की तीसरी वरीय जोड़ी से 30 मिनट से भी कम समय में 8-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा।

भारतीय जोड़ी ने इससे पहले दूसरे दौर में डेनमार्क के आठवीं वरीयता प्राप्त किम एस्ट्रुप और एंडर्स स्कारुप रासमुसेन को हराया था।

भाषा पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments