दुबई, 14 अप्रैल (भाषा) भारत की टी20 विश्व कप की जीत के नायक संजू सैमसन को मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का मार्च महीने का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी चुना गया।
सैमसन को इस प्रतियोगिता के शुरुआती मैचों में अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली थी लेकिन बाद में जब उन्हें टीम में शामिल किया गया तो उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 46 गेंदों पर 89 रन बनाकर भारत को इस साल की शुरुआत में लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीतने में मदद की थी।
सैमसन को यह मासिक सम्मान मिलने का मतलब है कि पिछले पांच महीनों में यह पुरस्कार किसी दूसरे देश के खिलाड़ी ने हासिल किया है। इस श्रेणी में पिछले चार खिलाड़ी साइमन हार्मर (दक्षिण अफ्रीका), मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया), डैरिल मिचेल (न्यूजीलैंड) और साहिबजादा फरहान (पाकिस्तान) शामिल हैं।
सैमसन ने इस प्रदर्शन को अपने करियर का महत्वपूर्ण दौर करार दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘आईसीसी का महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार हासिल करना अविश्वसनीय अहसास है, विशेषकर इसलिए क्योंकि यह मेरे क्रिकेट करियर के सबसे अविस्मरणीय दौर में मिला है। पुरुष टी20 विश्व कप में भारत की जीत में योगदान देना सचमुच एक सपने के साकार होने जैसा था और उस पल के महत्व को पूरी तरह समझने में मुझे कुछ समय लगा।’’
सैमसन ने कहा, ‘‘भारतीय क्रिकेट के लिए यह एक रोमांचक दौर है, जिसमें हर क्षेत्र में अपार प्रतिभा मौजूद है। मुझे जो अवसर मिले उनके लिए मैं आभारी हूं। मैं टीम के साथियों और कोचिंग स्टाफ का मुझ पर भरोसा दिखाने के लिए आभारी हूं जिसके कारण मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पाया।’’
सैमसन ने टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ 89 रन बनाने से पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 और इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रन बनाए थे।
मार्च में खेले गए तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सैमसन ने 137.50 के औसत और 199.27 के शानदार स्ट्राइक रेट से 275 रन बनाए।
सैमसन को पहली बार आईसीसी का महीने का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी का सम्मान मिला है।
न्यूज़ीलैंड की कप्तान मेली केर ने ज़िम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद महिला वर्ग में तीसरी बार यह पुरस्कार हासिल किया। उन्होंने ज़िम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैच की वनडे श्रृंखला में 16 विकेट लेने के अलावा 140 रन भी बनाए।
भाषा
पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
