मुंबई, 23 अप्रैल (भाषा) चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन (नाबाद 101) के सत्र के दूसरे शतक और बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन (17 रन देकर चार विकेट, एक मेडन) की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से बृहस्पतिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में मुंबई इंडियंस को 103 रन से करारी शिकस्त दी।
इस जीत से सीएसके छह अंक लेकर तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई जबकि मुंबई इंडियंस चार अंक से आठवें स्थान पर खिसक गई।
सैमसन के आईपीएल में अपने पांचवें शतक के लिए 54 गेंद खेलीं जिसमें 10 चौके और छह छक्के जडे़ थे। उनके शतक से सीएसके ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद छह विकेट पर 207 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस शुरूआती झटकों से नहीं उबर सकी और 19 ओवर में महज 104 रन पर ऑल आउट हो गई।
यह पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की आईपीएल में सबसे बड़ी हार है। पांच बार की चैंपियन सीएसके की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है।
सीएसके के लिए वेस्टइंडीज के हुसैन सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने एक ओवर मेडन डाला जिसमें एक विकेट भी शामिल रहा। उन्होंने तिलक वर्मा (37 रन) को आउट कर उनके और सूर्यकुमार यादव (35 रन) के बीच 73 रन की भागीदारी का अंत किया।
उनके अलावा नूर अहमद ने भी अच्छी गेंदबाजी करते हुए 23 रन देकर दो विकेट झटके जबकि मुकेश चौधरी, जेमी ओवरटन और गुरजपनीत सिंह ने एक एक विकेट झटका।
मुंबई इंडियंस की शुरूआत काफी खराब हुई जिसने पहले ही ओवर में दानिश मालेवार का विकेट खो दिया। हुसैन की गेंद मालेवार के बल्ले का किनारा छूकर विकेट के पीछे सैमसन के हाथों में समां गई। इस तरह मालेवार लगातार दो मैच में असफल रहे।
टीम को दूसरा झटका दूसरे ओवर में चौधरी की गेंद पर लगा जो क्विंटन डिकॉक के स्टंप उखाड़ गई। इस तरह मुंबई ने सात रन पर दूसरा विकेट खो दिया। सूर्यकुमार क्रीज पर उतरे जिन्होंने चौका लगाकर खाता खोला।
तीसरे ओवर में नमन धीर के रूप में मुंबई इंडियंस को तीसरा झटका लगा जो हुसैन की गेंद पर बोल्ड हो गए। हुसैन का यह ओवर मेडन रहा जिसमें एक विकेट भी शामिल रहा।
मुंबई इंडियंस का छह ओवर में स्कोर तीन विकेट पर 29 रहा जो इस सत्र में उसका सबसे कम पावरप्ले स्कोर है।
सूर्यकुमार और तिलक ने संभलकर खेलते हुए चौथे विकेट के लिए 56 गेंद में 73 रन की भागीदारी की। पर हुसैन ने तिलक को आउट कर इस भागीदारी को खत्म कर अपना तीसरा विकेट झटका।
मुंबई इंडियंस का स्कोर 12 ओवर के बाद चार विकेट पर 85 रन था। इससे आठ ओवर में उसे 123 रन चाहिए थे जो नामुमकिन था।
कप्तान हार्दिक पांड्या (01) आते ही चलते बने और 13वें ओवर की पहली गेंद पर नूर अहमद का शिकार हुए। मुंबई इंडियंस की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। शेरफाने रदरफोर्ड खाता भी नहीं खोल सके और दूसरी गेंद पर आउट हुए।
मिचेल सैंटनर के चोटिल होने के कारण शार्दुल ठाकुर को ‘कनकशन सब’ के तौर पर बल्लेबाजी करने उतरे। हुसैन ने सूर्यकुमार के रूप में अपना चौथा विकेट झटका।
इससे पहले खराब शॉट चयन और एकाग्रता की कमी के कारण सैमसन के साथी खिलाड़ी दूसरे छोर पर आउट होते रहे, लेकिन इस भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ने संयम से खेलते हुए वानखेड़े स्टेडियम में एक और यादगार पारी खेली।
सीएसके की टीम एक समय बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी लेकिन टीम बीच के ओवरों में लड़खड़ा गई। सैमसन के अलावा टीम का कोई भी बल्लेबाज अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सका।
मुंबई इंडियंस के लिए जसप्रीत बुमराह (31 रन देकर एक विकेट) ने पहले ओवर में कसी हुई गेंदबाजी की, लेकिन सैमसन ने एक चौका जड़ दिया। इसके बाद उन्होंने हार्दिक पांड्या (38 रन देकर कोई विकेट पर) की गेंद को अपने पैड्स से फ्लिक करते हुए एक छक्का भी लगाया।
सीएसके की शुरुआत शानदार रही। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (22) और सैमसन ने पावरप्ले के दौरान हार्दिक के पहले दो ओवरों में 19-19 रन बटोरे। दो विकेट गिरने के बावजूद मेहमान टीम 73 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी।
लग रहा था कि गायकवाड़ फॉर्म में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने हार्दिक की गेंद पर ऑन-साइड में एक जोरदार शॉट लगाकर शुरुआत की और फिर एक छक्का जड़ा जिससे दूसरे ओवर में कुल 19 रन बने।
तीसरे ओवर में गायकवाड़ ने ए एम गजनफर (25 रन देकर दो विकेट) के खिलाफ शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन तिलक वर्मा ने उनका एक शानदार कैच लपक लिया।
सीएसके टीम में मौजूद मुंबई के खिलाड़ियों सरफराज खान (14) और शिवम दुबे (05) के लिए यह ‘घर वापसी’ बिल्कुल भी सुखद नहीं रही।
सरफराज के ऑन-साइड में दो चौके लगाने के बावजूद मिचेल सैंटनर ने अगली गेंद विकेटों की लाइन में ही फेंकी। सरफराज ने अपना ‘ट्रेडमार्क’ स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे उनके विकेटों से जा टकराई।
नौवें ओवर में गजनफर की गेंद चौथे नंबर पर उतरे भारत के ऑलराउंडर दुबे के बल्ले के अंदरूनी किनारे से टकराकर सीधे विकेटों में जा लगी।
डेवाल्ड ब्रेविस ने 11 गेंद में 21 रन बनाने के लिए कुछ शॉट लगाए लेकिन अश्विनी कुमार (37 रन देकर दो विकेट) की एक बेहतरीन शॉर्ट गेंद पर आउट हो गए।
पर सैमसन ने सतर्कता और आक्रामकता का सही तालमेल बिठाते हुए रन जुटाना जारी रखा। आखिरी ओवर में उन्होंने कृष भगत की गेंद पर कवर के ऊपर से एक शानदार छक्का जड़ा और आखिरी गेंद को पुल करके शतक पूरा किया।
सीएसके के खिलाड़ी मुकेश चौधरी की मां के निधन के कारण अपनी बांहों पर काली पट्टियां बांधकर मैदान पर उतरे।
भाषा नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.