मुंबई, 14 मार्च (भाषा) पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने शनिवार को उम्मीद जताई कि भारत की पुरुष और महिला क्रिकेट टीमें हाल के वर्षों में मिली बड़ी जीत की लय को आगे भी बनाए रखेंगी और देश के लिए और उपलब्धियां हासिल करेंगी।
भारत ने हाल में आईसीसी टूर्नामेंटों में लगातार सफलता हासिल की है। 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीता। इसके बाद 2025 में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में महिला टीम ने पहली बार आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप का खिताब जीता। इसी साल महिला अंडर-19 टीम ने भी आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप अपने नाम किया।
भारत की 2026 की शुरुआत भी शानदार रही। भारत ने रिकॉर्ड छठी बार आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप जीता जबकि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में सीनियर टीम ने रिकॉर्ड तीसरी बार आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप अपने नाम किया।
रोहित ने यहां एक कार्यक्रम में कहा कि पिछले कुछ सालों में भारतीय क्रिकेट टीमों की उपलब्धियां देखकर उन्हें बहुत गर्व होता है। उन्होंने कहा कि पुरुष टीम के साथ-साथ महिला टीम का विश्व कप जीतना भी शानदार पल था।
टी20 मुंबई लीग के मुख्य चेहरे रोहित ने यहां पुरुषों के लिए चौथे और महिलाओं के लिए पहले चरण की घोषणा के दौरान कहा, ‘‘पिछले कुछ वर्षों से हम जो कुछ भी देख रहे हैं, उसे देखकर मुझे बहुत खुशी और गर्व महसूस हो रहा है। ’’
उन्होंने आगे कहा, ‘‘शानदार प्रदर्शन करना और जो हमने हासिल किया है, उसे पाना, न सिर्फ पुरुष टीम ने, बल्कि महिला टीम ने भी (नवी) मुंबई में विश्व कप जीतकर जो कमाल किया, उसे देखना वाकई शानदार था। ’’
मुंबई के इस खिलाड़ी ने उम्मीद जताई कि भारत के खाते में अभी और भी वैश्विक खिताब आने बाकी हैं।
रोहित ने कहा, ‘‘हाल में पुरुष टीम ने जो किया, वह असाधारण था। मुझे उम्मीद है कि यह तो बस शुरुआत है। अब यहां से पीछे मुड़कर देखने की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि एक बार जब आपको वह लय मिल जाती है तो यह जारी रहती है। हम अक्सर लय के बारे में बात करते हैं। अब पुरुष और महिला, दोनों ही टीमों के पास वह लय मौजूद है। बस यही उम्मीद है कि हम इस लय को आगे भी बनाए रखें। ’’
भारत के पूर्व कप्तान ने उन लोगों की भी जमकर तारीफ की जो इस सफलता को मुमकिन बनाने के लिए पर्दे के पीछे रहकर काम करते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘सफलता का कोई राज नहीं होता। यह सब कड़ी मेहनत का नतीजा है। पुरुष और महिला, दोनों ही टीमों ने आज जो कुछ भी हासिल किया है, उसके लिए उन्होंने सचमुच बहुत कड़ी मेहनत की है। ’’
रोहित ने कहा, ‘‘बेशक, यह सिर्फ उन खिलाड़ियों के बारे में नहीं है जो मैदान पर प्रदर्शन करते हैं, बल्कि पर्दे के पीछे भी बहुत से लोग हैं जिन्होंने इस सफलता के लिए बहुत कड़ी मेहनत की है, ताकि टीम सफल हो सके। बहुत से लोगों और स्टाफ को धन्यवाद देना है। ’’
रोहित के अनुसार क्रिकेट में सफलता के लिए मेहनत के साथ-साथ थोड़ी किस्मत भी जरूरी होती है। उन्होंने कहा कि भारत में क्रिकेट में बहुत प्रतिस्पर्धा है इसलिए खिलाड़ियों को प्रतिभा के साथ सही समय पर सही मौके भी मिलने चाहिए।
इस मौके पर उन्होंने टी20 मुंबई लीग की भी चर्चा की। इस बार लीग के पुरुष टूर्नामेंट के साथ तीन टीमों की महिला प्रतियोगिता भी होगी, जिससे यह टूर्नामेंट और बड़ा बन जाएगा।
भाषा नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
