नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) ऐसे समय में जबकि भारत 2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों सहित कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने जा रहा है तब इसी को ध्यान में रखते हुए खेल सचिव हरि रंजन राव ने सोमवार को यहां ‘‘भारत का खेल स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र: वर्तमान स्थिति और उभरते रास्ते’’ शीर्षक से एक विस्तृत रिपोर्ट जारी की।
यह रिपोर्ट ‘एसोसिएशन फॉर स्पोर्ट्स इंडस्ट्री प्रोफेशनल्स’ (एएसआईपी) ने ‘इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट टेक्नोलॉजी,’ गाजियाबाद के सहयोग से तैयार की है। इस रिपोर्ट में भारत के खेल स्टार्टअप की वर्तमान स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है।
रंजन राव ने कहा, ‘‘भारत के खेल उद्योग को अनुसंधान और सहयोग के माध्यम से मजबूत करने के लिए एएसआईपी के प्रयासों को देखकर मुझे प्रोत्साहन मिला है। इस रिपोर्ट से निश्चित रूप से खेल क्षेत्र को फायदा मिलेगा तथा खेल मंत्रालय यह पता लगाएगा कि इन निष्कर्षों का उपयोग वर्तमान और भविष्य में कैसे किया जा सकता है।’’
एएसआईपी के संस्थापक और अध्यक्ष शाजी प्रभाकरण ने कहा कि यह रिपोर्ट ‘‘ज्ञान आधारित खेल पारिस्थितिकी तंत्र को पोषित करने के लिए एएसआईपी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।’’
भाषा
पंत सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
