पाल्लेकल, 28 फरवरी (भाषा) पाकिस्तान ने सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान (100) और फखर जमां (84 रन) के बीच टी20 विश्व कप इतिहास में किसी भी विकेट के लिए 176 रन की रिकॉर्ड साझेदारी से शनिवार को यहां सुपर आठ मैच में श्रीलंका के खिलाफ आठ विकेट पर 212 रन का विशाल स्कोर बनाया।
पाकिस्तान को नेट रन रेट में न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ने और सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए श्रीलंका को 147 रन से कम के स्कोर पर रोकना होगा। सलमान आगा की कप्तानी वाली टीम को कम से कम 64 रन या उससे ज्यादा से जीत दर्ज करनी होगी।
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाजों ने बड़ा स्कोर बनाने के लिए आक्रामक बल्लेबाजी की लेकिन श्रीलंका के मैदान पर खराब प्रदर्शन ने प्रतिद्वंद्वी टीम को फायदा पहुंचाने में योगदान दिया।
जमां 16वें ओवर में आउट हुए, उन्होंने दो जीवनदान का फायदा उठाते हुए 42 गेंद की पारी खेली जिसमें नौ चौके और चार छक्के जड़े थे।
जब वह 15 रन पर थे तो दासुन शनाका की गेंद पर महीश तीक्षणा के हाथों से निकलकर एक चौका लग गया। जब वह 46 रन पर थे तब श्रीलंकाई विकेटकीपर ने कैच लेने की जोरदार अपील की लेकिन टीम ने डीआरएस नहीं लिया।
फरहान (60 गेंद में नौ चौके, पांच छक्के) ने धमाकेदार बल्लेबाजी की पहल की जिससे पाकिस्तान ने पांचवें ओवर के अंदर 50 रन का आंकड़ा पार किया। इससे उन्हें हर ओवर में कम से कम 10 रन बनाने की लय मिली जिसे उन्होंने अच्छी तरह बनाए रखा।
दाएं हाथ के बल्लेबाज फरहान ने टी20 विश्व कप के एक चरण में सबसे ज्यादा रन (319) बनाने का भारतीय सुपरस्टार विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा और टूर्नामेंट में अपना दूसरा शतक भी लगाया। उन्होंने गेंदबाजी आक्रमण का पूरा फायदा उठाया जो दबाव में अपनी लाइन एवं लेंथ से चूकते दिखे।
श्रीलंका के गेंदबाजों के पास फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज के खिलाफ कोई रणनीति नहीं दिख रही थी। फरहान का भाग्य ने भी साथ दिया। 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर लांग ऑफ पर दुनिथ वेलालगे पर बाउंड्री के पास तेजी से दौड़े, लेकिन कैच छूट गया और पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज को पहला जीवनदान मिल गया।
लेकिन गेंद को वापस अंदर फेंकने के बजाय वेलालगे ने अपनी ऊंगली को देखना शुरू कर दिया और एक-दो पल बाद ही उन्हें अहसास हुआ कि गेंद अब भी खेल में है।
फिर 16वें ओवर की पहली गेंद पर जनिथ लियानागे ने कैच लेते समय बाउंड्री रस्सी पर पैर रखा और फरहान एक बार फिर बच गए।
हालांकि इसके बाद विकेटों की झड़ी लग गई जिसमें फरहान का विकेट भी शामिल था। फरहान अपना शतक पूरा करने के तुरंत बाद आउट हो गए। 16वें ओवर में पाकिस्तान ने बिना विकेट गंवाए 176 रन बना लिए थे लेकिन टीम ने आखिरी चार ओवर में 36 रन पर आठ विकेट गंवा दिए।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
