scorecardresearch
गुरूवार, 17 अप्रैल, 2025
होमखेलआरसीबी ने मुंबई इंडियंस को को 12 रन से हराया

आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को को 12 रन से हराया

Text Size:

मुंबई, सात अप्रैल (भाषा) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ सोमवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग के रोमांचक मैच में 12 रन से जीत दर्ज करते हुए वानखेड़े स्टेडियम में छह मैचों से चले आ रहे अपने हार के सिलसिले को खत्म किया।

आरसीबी ने विराट कोहली (67) और कप्तान रजत पाटीदार (64) के तूफानी अर्धशतकों की बदौलत पांच विकेट पर 221 रन बनाने के बाद मुंबई इंडियंस को नौ विकेट पर 209 रन पर रोककर इस टीम के खिलाफ 2015 के बाद पहली बार जीत दर्ज की।

मुंबई इंडियंस सूर्यकुमार यादव (28) के आउट होने के बाद 116 रन पर चार विकेट खोकर संघर्ष कर रही थी लेकिन कप्तान हार्दिक पांड्या ने तिलक वर्मा ( चार चौके और चार छक्के की मदद से 29 गेंदों पर 56 रन ) आरसीबी के गेंदबाजों को परेशान  किया। हार्दिक ने 15 गेंद की पारी में तीन चौके और चार छक्के की मदद से 42 रन बनाये।

आरसीबी के लिए क्रुणाल पंड्या ने चार जबकि यश दयाल, जोश हेजलवुड ने दो-दो विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा (नौ गेंद में 17 रन) ने भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ छक्का जड़कर आक्रामक तेवर दिखाये। उन्होंने यश दयाल के खिलाफ लगातार दो चौके जड़े लेकिन अगली गेंद को विकेटों पर खेलकर बोल्ड हो गये।

रोहित के आउट होने के बाद रयान रिकलटन (10 गें में 17 रन) ने भुवनेश्वर के खिलाफ लगातार दो चौके लगाये लेकिन वह जोश हेजलवुड की गेंद पर चौथे ओवर में पगबाधा हो गये।

सूर्यकुमार ने भुवनेश्वर के खिलाफ चौके तो वही विल जैक्स ने छक्के के साथ खाता हाथ खोले। पावरप्ले के बाद मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 54 रन था।

दोनों बल्लेबाजों ने आठवें ओवर में क्रुणाल पंड्या के खिलाफ तीन चौके के साथ रन गति को तेज किया।

इस खब्बू स्पिनर ने हालांकि अपने अगले ओवर में जैक्स की 18 गेंद में 22 रन की पारी को कोहली के हाथों कैच कर किया।

इसके बाद यश दयाल की गेंद पर सूर्यकुमार लिविंगस्टोन के हाथों लपके गये।

कप्तान हार्दिक के क्रीज पर आते ही मैच का रुख मुंबई की ओर मुड़ने लगा। एक छोर से तिलक ने सुयश के खिलाफ छक्का और दो चौके जड़े तो वहीं हार्दिक ने हेजलवुड के खिलाफ 14वें ओवर में दो चौके और दो छक्के के साथ 22 रन बटोरने के बाद अपने बड़े भाई क्रुणाल के खिलाफ लगातार दो छक्के लगाकर ओवर से 19 रन बटोरे जिससे मुंबई को आखिरी पांच ओवर में 65 रन की जरूरत थी।

तिलक ने भुवनेश्वर के खिलाफ छक्का और चौका लगाने के बाद यश दयाल के खिलाफ छक्का जड़ आरसीबी के गेंदबाजों पर दबाव बनाये रखा। उन्होंने इस बीच 26 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।

वह भुवनेश्वर के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में कैच आउट हुए लेकिन नमन धीर ने क्रिज पर आते ही छक्का लगा दिया।

हार्दिक 19वें ओवर में हेजलवुड की पहली गेंद पर छक्का लगाने की कोशिश में डीप मिडविकेट पर लिविंगस्टन को आसान कैच दे बैठे।

क्रुणाल के सामने आखिरी ओवर में 20 रन बनाने की चुनौती थी लेकिन उन्होंने इस ओवर में तीन विकेट झटककर मुंबई की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

इससे पहले भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इस मैच से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की। वह ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जनवरी में चोटिल हुए थे।

कोहली ने 42 गेंदों पर 67 रनों की पारी के साथ इस सत्र का अपना दूसरा अर्धशतक लगाया।

पाटीदार की 32 गेंदों में 64 रन (पांच चौके, और चार छक्के) और जितेश शर्मा की 18 गेंदों में 40 रन (दो चौके और चार छक्के) की आक्रामक पारियों ने खराब फॉर्म में चल रही मुंबई इंडियंस को इस सत्र में अब तक का सबसे बड़ा लक्ष्य दिया।

फिल साल्ट (चार) ने ट्रेंट बोल्ट (2/57) के खिलाफ पारी की पहली गेंद पर चौका जड़ा लेकिन दूसरी गेंद पर बोल्ड हो गये।

इस विकेट का कोहली की पारी पर कोई असर नहीं हुआ। उन्होंने देवदत्त पडिक्कल ( 22 गेंद में 37 रन) के साथ आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पावर प्ले में एक विकेट पर 72 रन बना लिये।

आरसीबी ने शुरुआती तीन ओवरों में दबदबा बना लिया था जसके बाद  चौथे ओवर में मुंबई इंडियंस ने बुमराह को गेंद थमाई और कोहली ने भारतीय टीम के अपने साथी का स्वागत छक्का लगाकर किया।

आरसीबी ने लगभग 10 रन प्रति ओवर के रन रेट से आगे बढ़ते हुए पावरप्ले के आखिरी ओवर में दीपक चाहर के खिलाफ 20 रन बटोरे। इस ओवर में पडिक्कल ने दो छक्के और एक चौका जड़ा।

पडिक्कल ने आक्रामक रुख अपनाते हुए तीन छक्के और दो चौके लगाये। वह नौवें ओवर में विग्नेश पुथुर की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में आउट हुए। उन्होंने कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 52 गेंद में 91 रन की साझेदारी की।

कोहली को वानखेड़े स्टेडियम में बल्ले से काफी सफलता मिली है। उन्होंने कुछ शानदार शॉट लगाये। उन्होंने तीसरे ओवर में बोल्ट की गेंद पर कवर क्षेत्र में बेहतरीन ड्राइव लगाया। उन्होंने आसानी से गैप ढूंढते हुए रन बनाये।

कोहली ने इस दौरान 400 से अधिक टी20 मैच में 13,000 रन पूरे किये। उन्होंने 15वें ओवर मे हार्दिक पंड्या की ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद को डीप मिडविकेट के क्षेत्र में नमन धीर को कैच थमाया।

पाटीदार ने विकेट से सामने आक्रामक शॉट खेलने के साथ विकेट के पीछे भी सहजता से रन बनाये। उन्होंने  मात्र 25 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 17वें ओवर में मुंबई के हार्दिक के खिलाफ 23 रन बटोरे।

पाटीदार को 19वें ओवर में बोल्ट की गेंद पर विकेट के पीछे रियान रिकेलटन ने शानदार कैच लपककर पवेलियन की राह दिखाई।

भाषा

भाषा आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments