मोदीनगर, सात फरवरी (भाषा) तमिलनाडु के एम राजा ने शनिवार को यहां राष्ट्रीय भारोत्तोलन चैंपियनशिप में पुरुषों के 65 किग्रा वर्ग में राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन जेरेमी लालरिननुंगा सहित मजबूत प्रतिस्पर्धियों को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता।
राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता 26 वर्षीय राजा ने कुल 302 किग्रा (130 किग्रा स्नैच में, 172 किग्रा क्लीन एंड जर्क में) वजन उठाकर पहला स्थान हासिल किया।
सेना खेल नियंत्रण बोर्ड के चारु पेसी ने 296 किग्रा (129 किग्रा और 167 किग्रा) के कुल वजन के साथ रजत पदक हासिल किया।
मिजोरम के जेरेमी का प्रदर्शन फीका रहा। 2018 युवा ओलंपिक चैंपियन कुल तीन प्रयासों में असफल रहे जिसमें दो स्नैच में रहे। उन्हें 295 किग्रा (133 किग्रा और 167 किग्रा) के कुल वजन के साथ कांस्य पदक पर संतोष करना पड़ा।
राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप के पूर्व स्वर्ण पदक विजेता शुभम टोडकर का अभियान निराशाजनक रहा। वह 263 किग्रा (118 किग्रा और 145 किग्रा) के कुल वजन के साथ सातवें स्थान पर रहे।
सेना के भारोत्तोलक अरुमुगापांडियन महाराजन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए युवा और जूनियर दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उन्होंने 282 किग्रा के कुल वजन से दोनों वर्गों में शीर्ष स्थान हासिल किया।
भाषा नमिता मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
