scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमखेलगॉल्टियर और विलस्ट्रॉप के साथ अभ्यास करने से वास्तव में फायदा मिलेगा : दीपिका

गॉल्टियर और विलस्ट्रॉप के साथ अभ्यास करने से वास्तव में फायदा मिलेगा : दीपिका

Text Size:

चेन्नई, 15 सितंबर (भाषा) भारत की चोटी की स्क्वाश खिलाड़ी दीपिका पल्लीकल का मानना है कि एशियाई खेलों के लिए लगाए गए शिविर में विश्व के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी जेम्स विलस्ट्रॉप और पूर्व विश्व चैंपियन ग्रेगरी गॉल्टियर के साथ अभ्यास करने से टीम को वास्तव में बहुत ज्यादा फायदा मिलेगा।

दीपिका यहां भारतीय स्क्वाश अकादमी में एशियाई खेलों की तैयारी कर रही है।

एशियाई खेलों के लिए लगाए गए शिविर से इतर दीपिका ने पीटीआई से कहा, ‘‘उनके (गॉल्टियर और विलस्ट्रॉप) साथ हमने बहुत अच्छा सत्र बिताया। जेम्स उसी क्लब के लिए खेलते रहे हैं जिसके लिए मैं खेला करती थी। हम एक दूसरे को लंबे समय से जानते हैं। उनका यहां होना और हमारे साथ अपने अनुभव साझा करना वाकई अच्छा है।’’

उन्होंने कहा,‘‘ग्रेग और जेम्स को यहां बुलाना वास्तव में बहुत अच्छी पहल है। इससे हमें अच्छा प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी और उम्मीद है कि यह चलन आगे भी बरकरार रखा जाएगा।’’

इस 31 वर्षीय खिलाड़ी ने एशियाई खेलों में अभी तक एक रजत और तीन कांस्य पदक सहित कुल चार पदक जीते हैं और उनका लक्ष्य इस बार स्वर्ण पदक जीतना होगा।

दीपिका से पूछा गया कि वह खुद को कैसे प्रेरित करती हैं, उन्होंने कहा,‘‘ मैं अब पेशेवर सर्किट में नहीं खेल रही हूं इसलिए खुद को प्रेरित रखना काफी मुश्किल है। मैं जिन लक्ष्यों को हासिल करना चाहती हूं उनके प्रति ईमानदार रही हूं। इस खेल के प्रति मेरा प्यार मुझे प्रेरित करता है।’’

एक सीनियर खिलाड़ी के रूप में खेलने के कारण उन पर दबाव रहना स्वाभाविक है लेकिन दीपिका ने कहा कि उन पर इस तरह का कोई अतिरिक्त दबाव नहीं है।

उन्होंने कहा,‘‘ मुझ पर वास्तव में किसी तरह का दबाव नहीं है। मैं इस बात से अच्छी तरह वाकिफ हूं कि मुझे इस टीम में शामिल जूनियर खिलाड़ियों की मदद करनी होगी। मैं भी कभी टीम में जूनियर थी और अब मैं सीनियर खिलाड़ी हूं। यह एक लंबी यात्रा रही है और मैं टीम का हिस्सा बनकर खुश हूं।’’

भाषा

पंत नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments