कराची, दो फरवरी (भाषा) पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने सोमवार को कहा कि खिलाड़ी सरकार या क्रिकेट बोर्ड के किसी भी निर्देश का पालन करेंगे जिसमें 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले हाई-प्रोफाइल टी20 विश्व कप मैच का बहिष्कार भी शामिल है।
सलमान ने लाहौर से कोलंबो रवाना होने से पहले मीडिया से कहा कि टीम को यह फैसला रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के तुरंत बाद टीम मैनेजर द्वारा बता दिया गया था।
उन्होंने कहा, “हम बोर्ड के साथ अनुबंधित खिलाड़ी हैं और सरकार तथा बोर्ड ने जो भी फैसला लिया है सभी खिलाड़ी उसके साथ हैं।”
सलमान ने स्पष्ट किया कि टी20 विश्व कप केवल भारत के खिलाफ खेलने तक सीमित नहीं है और टीम श्रीलंका में हर मैच में अच्छा प्रदर्शन करने और टूर्नामेंट जीतने के इरादे से जा रही है।
उन्होंने कहा, “हमारे तीन अन्य ग्रुप मैच हैं और हम सभी जीतकर अगले दौर के लिए क्वालीफाई करने की कोशिश करेंगे।”
पूर्व कप्तानों शाहिद अफरीदी, मोहम्मद यूसुफ और राशिद लतीफ के साथ-साथ मोइन खान, सरफराज अहमद और मोहसिन खान जैसे पूर्व खिलाड़ियों ने भी भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार के फैसले का समर्थन किया है।
राशिद लतीफ ने कहा, ‘‘आईसीसी ने जिस तरह बांग्लादेश के साथ व्यवहार किया या हाल के वर्षों में जिस तरह वह भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सामने झुकी है, ऐसे में किसी का ‘ऐसा रूख अख्तियार करना’ जरूरी था।”
अफरीदी ने कहा कि वह पाकिस्तान और भारत के बीच मैच नहीं होने से निराश हैं क्योंकि वह खेल और राजनीति को मिलाने में विश्वास नहीं रखते, लेकिन वह इस फैसले के कारणों को समझते हैं।
मोइन खान ने कहा, “अब आईसीसी को तय करना होगा कि वह विश्व क्रिकेट के व्यापक हित में किस तरह से आगे बढ़ना चाहता है।’’
सरफराज अहमद ने कहा कि वह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को भारत के खिलाफ खेलने की अनुमति न मिलने के कारणों को समझ सकते हैं।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच पाकिस्तान टीम सात फरवरी से शुरू हो रहे टूर्नामेंट में अपने अन्य मुकाबले खेलने के लिए कोलंबो रवाना हो गई। टीम के सोमवार देर शाम तक श्रीलंका की राजधानी पहुंचने की उम्मीद है।
पीसीबी के एक शीर्ष सूत्र ने बताया कि नॉकआउट चरण में अगर भारत के खिलाफ कोई और मुकाबला तय होता है तो बोर्ड सरकार के निर्देशों का ही पालन करेगा।
पाकिस्तान अपने अभियान की शुरुआत सात फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ करेगा, इसके बाद 10 फरवरी को अमेरिका और 18 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ मैच खेलेगा, बशर्ते भारत के खिलाफ बहिष्कार का फैसला वापस ना लिया जाए।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
