बेंगलुरु, 28 मार्च (भाषा) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच शनिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पहले मैच से पहले खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों ने एक मिनट का मौन रखकर उन 11 प्रशंसकों को श्रद्धांजलि दी जिनकी पिछले साल हुई भगदड़ में जान चली गई थी।
पिछले साल जून में आरसीबी के पहले आईपीएल खिताब की जीत के जश्न के दौरान शहर के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हुई भगदड़ में यह अप्रिय घटना हुई थी। जश्न मनाने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई थी और गेट पर बहुत ज्यादा भीड़ हो गई जिससे भगदड़ मच गई जिसमें 50 से ज्यादा लोग घायल हुए और 11 लोगों की मौत हो गई।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने भगदड़ में जान गंवाने वाले प्रशंसकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए आईपीएल 2026 का उद्घाटन समारोह को पहले ही रद्द कर दिया था।
श्रद्धांजलि के तौर पर स्टेडियम की 11 सीटों को हमेशा के लिए खाली रखने का फैसला किया गया है। ये सीटें इस स्टेडियम में होने वाले भविष्य के सभी आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान हमेशा खाली रहेंगी।
पहले मैच के दिन राज्य के गृह मंत्री और केएससीए के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने स्टेडियम के अंदरूनी प्रवेश द्वार के पास एक स्मारक पट्टिका का अनावरण किया। मैच से पहले वार्म-अप के दौरान आरसीबी के सभी खिलाड़ियों ने 11 नंबर वाली जर्सी पहनी थी।
इस दुखद घटना के बाद भीड़ प्रबंधन के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए लगभग सात करोड़ रुपये का निवेश किया गया।
भाषा नमिता मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
