scorecardresearch
Saturday, 21 February, 2026
होमखेलवरूण के सामने हमारे बल्लेबाजों को अपना स्वाभाविक खेल दिखाना होगा : डिकॉक

वरूण के सामने हमारे बल्लेबाजों को अपना स्वाभाविक खेल दिखाना होगा : डिकॉक

Text Size:

अहमदाबाद, 21 फरवरी (भाषा ) वरूण चक्रवर्ती दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों के लिये परेशानी का सबब रहे हैं लेकिन सीनियर खिलाड़ी क्विंटोन डिकॉक को उम्मीद है कि उनके युवा साथी खिलाड़ी कुछ नया करने की बजाय सही समय पर अपना स्वाभाविक खेल दिखायेंगे ।

चक्रवर्ती ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आठ टी20 मैचों में 22 विकेट लिये हैं । इसमें दिसंबर में हुई द्विपक्षीय श्रृंखला में 10 विकेट शामिल है ।

दक्षिण अफ्रीका टीम पिछले दो महीने में काफी संतुलित दिखी है और डिकॉक ने कहा कि सभी खिलाड़ियों ने वरूण का सामना करने के लिये अपना होमवर्क कर लिया है ।

उन्होंने भारत के खिलाफ सुपर आठ मैच से पहले कहा ,‘‘ उसका सामना करने के लिये हर किसी का अपना तरीका है । हमारे खिलाड़ियों को अपनी ताकत पर अडिग रहना होगा और सही समय पर अपना स्वाभाविक खेल दिखाना होगा ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ वह बहुत अच्छा गेंदबाज है और हमारे खिलाफ उस श्रृंखला में बेहतरीन गेंदबाजी की । उम्मीद है कि उसके बाद हमारे खिलाड़ियों ने उसका विश्लेषण करके बात की होगी कि उसका सामना कैसे करना है । उम्मीद है कि उनकी रणनीति कारगर साबित होगी ।’’

अभिषेक शर्मा के तीन मैचों में खाता नहीं खोल पाने के बावजूद डिकॉक ने कहा ,‘‘ वह दुनिया में नंबर एक टी20 बल्लेबाज है । वह काफी युवा है और नाकामी तो कभी न कभी झेलनी ही होगी । लेकिन नंबर वन होने के कुछ मायने हैं । मुझे यकीन है कि वह टूर्नामेंट में अहम पारी खेलेगा ।’’

भाषा

मोना नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments