अहमदाबाद, 14 अक्टूबर (भाषा) गुजरात क्रिकेट संघ (जीसीए) का प्रतिनिधि बनकर भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार को यहां खेले गये विश्व कप मैच के 41 टिकट के नाम पर 2.68 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी स्थानीय पुलिस अधिकारी ने दी।
आनंदनगर पुलिस स्टेशन के निरीक्षक (इंस्पेक्टर) वीएम देसाई ने कहा कि शिकायतकर्ता मसारी कंदोरिया फेसबुक के जरिये 22-23 सितंबर के बीच जय शाह नामक व्यक्ति के संपर्क में आया। शाह ने जीसीए प्रतिनिधि होने का दावा करते हुए भारत-पाकिस्तान मुकाबले के लिए टिकट देने का वादा किया।
अधिकारी ने बताया कि कंदोरिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बताए गए मोबाइल नंबर पर शाह से संपर्क किया और दोस्तों और रिश्तेदारों के लिए 41 टिकट मांगे, जिसके लिए उन्होंने आरोपी को 2.68 लाख रुपये ट्रांसफर किए।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘शिकायतकर्ता और उसके दोस्तों ने शाह को 15 टिकटों के पहले सेट के लिए 90,000 रुपये का भुगतान किया, फिर अन्य पांच टिकटों के लिए 30,000 रुपये का भुगतान किया। उन्होंने टिकटों की संख्या बढ़ने के बाद शाह और और रकम का भुगतान किया। इसके बाद कंदोरिया को कोई टिकट नहीं मिला। शाह को धोखाधड़ी और अन्य अपराध में भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया।’’
इससे पहले अहमदाबाद पुलिस ने जाली टिकट बेचने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया था।
भाषा आनन्द मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
