scorecardresearch
Thursday, 5 February, 2026
होमखेलजीसीएल के अनुभव से बेहतर खिलाड़ी बनना चाहते है निहाल सरीन

जीसीएल के अनुभव से बेहतर खिलाड़ी बनना चाहते है निहाल सरीन

Text Size:

बेंगलुरु, 15 जुन (भाषा) खुद को मौजूदा समय के सबसे होनहार भारतीय शतरंज खिलाड़ी के रूप में स्थापित कर चुके 18 साल के निहाल सरीन आगामी वैश्विक शतरंज लीग (जीसीएल) में मजबूत खिलाड़ियों से प्रतिस्पर्धा कर के अपने खेल को बेहतर बनाना चाहते है।

सरीन ने गुरुवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘निश्चित रूप से मजबूत खिलाड़ियों के साथ या उनके खिलाफ खेलना हमेशा हमें खुद से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है। यह आपको हमेशा एक बेहतर खिलाड़ी बनाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘ हमारी टीम में यान के डूडा और शाखरियार मामेदियारोव जैसे शीर्ष खिलाड़ी हैं। यह मेरे लिए उनके साथ खेलने और खुद को आंकने का बड़ा मौका है।’’

सरीन जीसीएल के शुरुआती सत्र में चिंगारी गल्फ टाइटन्स के लिए खेलेंगे। इस लीग का आयोजन 21 जून से दो जुलाई तक दुबई खेल परिषद के सहयोग से ‘दुबई चेस एंड कल्चर क्लब’ में आयोजित किया जाएगा।

यह अपनी तरह की पहली लीग है जिसमें दुनिया के शीर्ष पुरुष और महिला ग्रैंडमास्टर अपनी-अपनी टीमों की ओर से चुनौती पेश करते दिखेंगे। लीग का मकसद इस खेल को और अधिक दर्शक-केंद्रित बनाकर वैश्विक रूप से बढ़ावा देना है।

सरीन फिडे की नवीनतम रैंकिंग के अनुसार 59वें स्थान पर है। उनका मानना है कि जीसीएल जैसी लीग से भारत में भी इस खेल को बढ़ावा मिलेगा।

केरल के इस खिलाड़ी ने कहा, ‘‘ शतरंज देश में एक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में तेजी से लोकप्रियता हासिल कर रहा है। जीसीएल जैसी लीग इसके लिए महत्वपूर्ण है और मुझे लगता है कि यह खेल को अगले स्तर तक ले जाएगा।’’

भाषा आनन्द मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments