scorecardresearch
Sunday, 8 March, 2026
होमखेलन्यूजीलैंड की लिया ताहुहु ने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया

न्यूजीलैंड की लिया ताहुहु ने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया

Text Size:

वेलिंगटन, आठ मार्च (भाषा) न्यूजीलैंड की अनुभवी तेज गेंदबाज लिया ताहुहु ने रविवार को महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की।

पैंतीस साल की लिया ने 15 साल के अपने करियर में 103 मैच में 125 विकेट चटकाए जो न्यूजीलैंड की ओर से महिला एकदिवसीय क्रिकेट में रिकॉर्ड है।

लिया ने जून 2011 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पदार्पण करने के बाद चार महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय विश्व कप (2013, 2017, 2022 और 2025) में हिस्सा लिया।

पिछले साल के विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला न्यूजीलैंड के लिए उनका अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच था।

लिया ने विश्व कप में 36 विकेट चटकाए जो न्यूजीलैंड की ओर से रिकॉर्ड है। वह एकदिवसीय विश्व कप की सबसे सफल गेंदबाजों की सूची में नौवें स्थान पर हैं।

न्यूज़ीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) की ओर से जारी बयान में लिया ने कहा, ‘‘ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में व्हाइट फर्न्स (न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम का नाम) की जर्सी पहनना हमेशा से एक सौभाग्य और सम्मान की बात रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एक मैच खेलने को मिलना कमाल का एहसास था। एकदिवसीय क्रिकेट में 100 से अधिक बार जर्सी पहनना और अपने देश तथा अपने परिवार का प्रतिनिधित्स करना, ऐसा कुछ है जिसके बारे में मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था।’’

लिया ने कहा, ‘‘मैं हर पल को संजोकर रखूंगी और एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में मैंने जो भी हासिल किया है उसके साथ बहुत गर्व से जाऊंगी।’’

लिया हालांकि टी20 प्रारूप में खेलना जारी रखेंगी और इंग्लैंड तथा वेल्स में होने वाले अगले टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिताब के रक्षा के अभियान का हिस्सा बनना चाहती हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘2024 में टी20 विश्व कप जीतना एक बहुत बड़ी उपलब्धि थी और मैं इस साल के आखिर में इंग्लैंड में टीम को अपने खिताब की रक्षा में मदद करने के लिए प्रेरित हूं।’’

भाषा सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments