नयी दिल्ली, सात मार्च (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन का कहना है कि अगर न्यूजीलैंड रविवार को अहमदाबाद में होने वाले टी20 विश्व कप के फाइनल में मेजबान भारत को नहीं हरा पाता, तो उसे ‘चोकर्स’ (अहम मुकाबलों में दबाव की चुनौती से निपटने में नाकाम रहने वाली टीम) का अवांछित तमगा मिलना चाहिए।
स्टेन के मुताबिक घरेलू परिस्थितियों में भारत को हराना न्यजीलैंड के लिए लगभग नामुमकिन होगा।
न्यूजीलैंड ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए पहले सेमीफाइनल में खिताब के प्रबल दावेदार और अक्सर ‘चोकर्स’ कहे जाने वाले दक्षिण अफ्रीका को हराकर टी20 विश्व कप इतिहास में दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई।
भारत ने बृहस्पतिवार को दूसरे सेमीफाइनल में मुंबई में खेले गए बड़े स्कोर वाले रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को सात रन से हराया।
स्टेन ने कहा कि न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका की तुलना में ज्यादा बार विश्व कप फाइनल खेले हैं और अगर वह रविवार को भी खिताब जीतने से चूक जाता है, तो ‘चोकर्स’ का तमगा उसे दे देना चाहिए।
न्यूजीलैंड 2019 के वनडे विश्व कप, 2021 के टी20 विश्व कप और 2025 के चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचा लेकिन तीनों मौकों पर उसे हार का सामना करना पड़ा।
स्टेन ने पूर्व दिग्गज एबी डिविलियर्स के ‘यूट्यूब चैनल’ पर उनसे बातचीत में कहा, ‘‘सच कहूं तो हर कोई दक्षिण अफ्रीका को ‘चोकर्स’ कहता है, लेकिन मैं यह कहूंगा कि न्यूजीलैंड ने भी ज्यादा विश्व कप नहीं जीते हैं और वे हमसे ज्यादा फाइनल खेल चुके हैं। न्यूजीलैंड के लोग मेरी बातों का बुरा ना माने लेकिन इस बार जीत जाओ।”
उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, “नहीं तो मैं आधिकारिक तौर पर यह ‘कार्ड (चोकर्स का तमगा)’ तुम्हें सौंप दूंगा, अब यह तुम्हारा है। मुझे न्यूजीलैंड पसंद है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वे भारत को हरा पाएंगे।”
टेस्ट करियर में 400 से अधिक विकेट लेने वाले दक्षिण अफ्रीका के इस महान तेज गेंदबाज का मानना है कि भारत फाइनल का प्रबल दावेदार है और अगर टीम ने कोई ‘बहुत बड़ी चूक’ नहीं की तो उसके लिए इस मैच में हार का सामना करना मुश्किल है।
स्टेन ने कहा, “भारत को बड़ी चूक होने पर ही हराया जा सकता है। मैं कह रहा हूं कि यह संभव है। मैं चाहता हूं कि न्यूजीलैंड जीते, लेकिन क्या मुझे लगता है कि वे भारत को हरा पाएंगे? नहीं।”
न्यूजीलैंड ने 2000 में आईसीसी नॉकआउट ट्रॉफी जीतने के बाद से अब तक आठ आईसीसी फाइनल खेले हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ एक (2021 में भारत के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल) ही जीत सका है।
भाषा आनन्द पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
