… जी उन्नीकृष्णन…
दुबई, एक मार्च (भाषा) न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने चैंपियंस ट्रॉफी मैच में रविवार को भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले की तैयारी में बायें हाथ स्पिनरों के खिलाफ नेट अभ्यास किया। भारतीय गेंदबाज कुलदीप यादव के खिलाफ संभावित मुकाबले की तैयारी के लिए नेट सत्र में सीनियर बल्लेबाज टॉम लाथम और हरफनमौला माइकल ब्रैसवेल को गेंदबाजी करने के लिए दो स्थानीय बाएं हाथ के कलाई के स्पिनरों को बुलाया गया था। बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप मुख्य रूप से बीच के ओवरों में गेंदबाजी करते हैं जहां लाथम और ब्रैसवेल अक्सर बल्लेबाजी करते हैं। न्यूजीलैंड के हरफनमौला ग्लेन फिलिप्स ने मैच पूर्व संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘यह पिच थोड़ी धीमी है और जाहिर तौर पर इसमें अच्छा खासा टर्न है। मुझे लगता है कि यह एक दिलचस्प मैच होने वाला है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनके (भारत) पास तीन शानदार स्पिनर हैं, और यह सब स्ट्राइक रोटेट करने और खेल को अंतिम ओवरों तक ले जाने के बारे में है।’’ कुलदीप बीच के ओवरों में रन गति को नियंत्रित करने और अहम विकेट चटकाने के लिए भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के पसंदीदा गेंदबाज रहे हैं। ग्रुप ए की तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम का निर्धारण करने के लिए न्यूजीलैंड रविवार को अंतिम लीग मैच में भारत से भिड़ेगा। भाषा आनन्द नमितानमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
