scorecardresearch
Wednesday, 18 February, 2026
होमखेलनागल दिल्ली ओपन के दूसरे दौर में, शीर्ष वरीय स्वेनी को शुरुआत दौर में लगा झटका

नागल दिल्ली ओपन के दूसरे दौर में, शीर्ष वरीय स्वेनी को शुरुआत दौर में लगा झटका

Text Size:

नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) भारत के शीर्ष एकल टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल ने मंगलवार को दिल्ली ओपन में स्पेन के डेविड जोर्डा सांचिस पर सीधे गेम में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।

इस दिन एक बड़ा उलटफेर भी देखने को मिला जब शीर्ष वरीयता प्राप्त ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी डेन स्वेनी को कजाकिस्तान के बेइबिट झुकायेव ने पहले ही दौर में बाहर कर दिया।

विश्व रैंकिंग में 297वें स्थान पर काबिज नागल ने सांचिस को 6-3, 7-5 से हराकर एक घंटे 27 मिनट में दूसरे दौर में प्रवेश किया।

नागल ने पहले सेट के पहले ही गेम में स्पेन के खिलाड़ी की सर्विस तोडी और अपनी बढ़त को बरकरार रखते हुए सेट को 6-3 तक ले गए।

दूसरा सेट अधिक प्रतिस्पर्धी साबित हुआ, जिसमें दोनों खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी सर्विस बचाई, लेकिन अंत में भारतीय खिलाड़ी ने 11वें गेम में निर्णायक ब्रेक हासिल किया और मैच जीत लिया।

नागल की जीत भारतीय दल के लिए एकल वर्ग में एकमात्र सकारात्मक परिणाम रही, जबकि 18 वर्षीय मानस धामने, क्वालीफायर मनीष सुरेशकुमार और वाइल्डकार्ड धारी दिग्विजय सिंह सभी अपने-अपने पहले मैच में ही बाहर हो गए।

विश्व रैंकिंग के 292वें स्थान के खिलाड़ी झूकायेव ने टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर किया। इस 25 वर्षीय खिलाड़ी ने एक सेट से पिछड़ने के बाद शीर्ष वरीयता प्राप्त और विश्व रैंकिंग में 134वें नंबर पर काबिज स्वेनी को 6-7, 6-2, 6-2 से हराया।

भाषा आनन्द मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments