scorecardresearch
Thursday, 5 February, 2026
होमखेलकेकेआर से रिलीज होने के बाद मुस्ताफिज़ुर पीएसएल में लाहौर कलंदर्स के लिए खेलेंगे

केकेआर से रिलीज होने के बाद मुस्ताफिज़ुर पीएसएल में लाहौर कलंदर्स के लिए खेलेंगे

Text Size:

लाहौर, पांच फरवरी (भाषा) लाहौर कलंदर्स ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) द्वारा रिलीज (टीम से छोड़े गए) किए गए बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिज़ुर रहमान को पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के 11वें सत्र के लिए उन्होंने अनुबंधित किया है।

मुस्ताफिज़ुर को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देशों पर केकेआर की टीम से हटा दिया गया था जिससे घटनाओं का एक विवादास्पद सिलसिला शुरू हुआ जिसके कारण बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम ने आगामी आईसीसी टी20 विश्व कप से नाम वापस ले लिया और पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ महत्वपूर्ण मैच के बहिष्कार का फैसला किया।

बीसीसीआई ने मुस्ताफिज़ुर को हटाने का कारण नहीं बताया लेकिन कहा कि यह चारों ओर हो रहे घटनाक्रमों के कारण था जो पड़ोसी देश में हिंदुओं की हत्याओं के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच तनावपूर्ण राजनयिक संबंधों का संकेत था।

बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए नाम वापस ले लिया जबकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भारत और श्रीलंका में खेले जाने वाले टूर्नामेंट के लिए कम खतरे की आशंका जताई थी। पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने की घोषणा की।

वर्ष 2016 और 2018 में कलंदर्स के लिए खेल चुके मुस्ताफिज़ुर अब एक बार फिर इस टीम की जर्सी पहनने के लिए तैयार हैं। उन्हें 6.44 करोड़ पाकिस्तानी रुपये (लगभग दो करोड़ भारतीय रुपये) में अनुबंधित किया गया है।

लाहौर कलंदर्स के मालिक समीन राणा ने कहा, ‘‘एक बार कलंदर, हमेशा कलंदर। मुस्ताफिज़ुर सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं है। वह एक भाई है, हमारे परिवार का एक अहम हिस्सा है जिसने कभी हमें नहीं छोड़ा।’’

भाषा सुधीर नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments