scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमखेलमुंबई में जल्द ही एक बड़ा स्टेडियम होगा, फडणवीस ने कहा

मुंबई में जल्द ही एक बड़ा स्टेडियम होगा, फडणवीस ने कहा

Text Size:

मुंबई, नौ अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को कहा कि मुंबई में जल्द ही एक बड़ा स्टेडियम होगा और मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) ने इसके लिए जमीन ढूंढ ली है।

मुंबई के क्रिकेट दिग्गजों को सम्मान देने के लिए वानखेड़े स्टेडियम में एक समारोह के दौरान फडणवीस ने कहा, ‘‘यह अधिक क्षमता वाला स्टेडियम होगा और ऐसी जगह पर होगा जहां दर्शकों को 20 मिनट में हटाया जा सकेगा और किसी भी स्टैंड से मैच बहुत अच्छे से देखा जा सकेगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन नया स्टेडियम कितना भी बड़ा क्यों ना हो, वह वानखेड़े स्टेडियम के कद का मुकाबला कभी नहीं कर सकता, जहां हमेशा क्रिकेट का जश्न मनाया जाएगा।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम सभी चाहते हैं कि किसी भी टूर्नामेंट का फाइनल मैच मुंबई में हो। हमारे पास एक बड़ा स्टेडियम होगा लेकिन वानखेड़े प्रतिष्ठित स्टेडियम है और हम हमेशा इस स्टेडियम में क्रिकेट का जश्न मनाएंगे।’’

फडणवीस ने शहर में छोटे मैदानों का पुनरोद्धार करने की एमसीए की मांग पर भी गौर करने का वादा किया। उन्होंने कहा कि मेट्रो रेल के काम की वजह से ओवल और क्रॉस मैदान जैसे मैदानों पर असर पड़ा था और उनका पुनरोद्धार किया जा रहा है।

फडणवीस ने कहा कि स्टेडियम के स्टैंड और गेट का नाम मशहूर क्रिकेटरों के नाम पर रखना भारतीय क्रिकेट को बेहतर बनाने वाले दिग्गजों का जश्न मनाने का एक शानदार तरीका है।

एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाईक और सिटी एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कार्पोरेशन के प्रबंध निदेशक विजय सिंघल ने इस प्रतिष्ठित ढांचे के लिए खाका तैयार करने के बारे में विस्तार से बात की।

प्रस्तावित स्टेडियम में 1,00,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी और इसके दुनिया भर में सबसे बड़े क्रिकेट स्थलों में से एक बनने की उम्मीद है। यह अत्याधुनिक सुविधाओं से सजा होगा।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments