वडोदरा, तीन फरवरी (भाषा) सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी की नाबाद 62 रन की शानदार पारी के दम पर गुजरात जायंट्स ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) टी20 के एलिमिनेटर मैच में तीन बार की उपविजेता दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सात विकेट पर 168 रन बनाये
मूनी ने एक छोर संभालते हुए 51 गेंद की पारी में छह चौके जड़ने के साथ पांचवें विकेट के लिए जॉर्जिया वेयरहम के साथ 46 गेंद में 61 जबकि आखिरी ओवरों में काश्वी गौतम के साथ 19 गेंद में 39 रन की साझेदारी कर टीम को प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया।
वेयरहम में 25 गेंद में तीन चौके और एक छक्का लगा 35 रन बनाये जबकि काश्वी ने 10 गेंद में 18 रन की परी के दौरान तीन चौके जड़ें।
कैपिटल्स के लिए शिनेल हेनरी ने 35 रन देकर दो जबकि नंदिनी शर्मा ने 44 देकर दो विकेट लिये। मिन्नू मणि को एक सफलता मिली।
दिल्ली कैपिटल्स ने 25 अतिरिक्त रन दिये जिसमें तेज गेंदबाजों के खिलाफ विकेटकीपर लिजेल ली के विकेट के करीब से कीपिंग करने से कई बार बाई में चार रन चले गये।
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शिनेल हेनरी की गेंद पर अनुभवी सोफी डिवाइन (छह) विकेटकीपर को कैच दे बैठी। मूनी और अनुष्का शर्मा (16) ने मारिजेन कैप के खिलाफ कलात्मक चौके जड़ ओवर से 17 रन बटोर कर दबाव कम करने की कोशिश की।
छठे ओवर में गेंदबाजी करने आई नंदिनी ने अपनी शुरुआती दो गेंदों पर दो विकेट झटककर अपनी शानदार लय को जारी रखा। हेनरी ने कमाल का कैच लपककर अनुष्का को चलता किया जबकि कप्तान एशलीघ गार्डनर ने खाता खोले बगैर स्नेह राणा को कैच थमा दिया।
कनिका आहुजा (छह) ने क्रीज पर आते ही चौका जड़ उन्हें हैट्रिक पूरा करने से रोक दिया। पावरप्ले के बाद गुजरात का स्कोर तीन विकेट पर 48 रन था।
दिल्ली के गेंदबाजों ने इसके बाद शिकंजा कस दिया जिसका फायदा मिन्नू को मिला। कनिका शॉट खेलने के लिए क्रीज से बाहर निकली और ली ने उनके स्टंप बिखेर दिये।
एक छोर से संभल कर बल्लेबाजी कर रही मूनी ने श्री चरण की गेंद को बाउंड्री पार भेज कर 33 गेंद के चौके के सूखे को खत्म किया। दूसरे छोर से वेयरहम ने कैप और नंदिनी की गेंद पर चौका जड़ा जिससे टीम ने 14 ओवर में रनों का शतक पूरा किया।
वेयरहम ने मूनी के साथ अर्धशतकीय साझेदारी पूरी करने के बाद आक्रामक तेवर अपनाते हुए 16 ओवर में श्री चरण के खिलाफ मिड ऑफ के ऊपर से मैच का पहला छक्का लगाया।
हेनरी ने अगले ओवर में वेयरहेम को चलता करने के एक गेंद बाद भारती फुलमाली को खाता खोले बगैर आउट किया।
मूनी ने हेनरी के खिलाफ लगातार दो चौके जड़ने के दौरान 47 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। काश्वी ने ओवर का तीसरा चौका लगाया जिससे टीम ने 19वें ओवर से 16 रन बटोर कर 150 रन के आंकड़े को पार किया।
काश्वी ने रन आउट होने से पहले नंदिनी के खिलाफ आखिरी ओवर में चौका लगाया जबकि मूनी ने पारी की आखिरी गेंद पर चार रन के साथ टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
जायंट्स ने आखिरी दो ओवरों में 31 रन बटोरे।
भाषा
आनन्द सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
